लेखक : डीके पुरोहित. जोधपुर
28 साल के माधोसिंह ऊदट ने 3 वर्ष में 50 हजार किमी की यात्रा कर बना दिया शिक्षा का मंदिर, 5 मई को होगा शुभारंभ
युवा चाहे तो क्या नहीं कर सकते? 28 साल के माधोसिंह ऊदट को ही लें उन्होंने 3 वर्ष में 50 हजार किमी यात्रा कर 36 कौम के लोगों को जागृत किया और जन सहयोग से 1 करोड़ 11 लाख रुपए एकत्रित कर मंडलनाथ क्षेत्र में हॉस्टल तैयार कर लिया। अब यहां पर अनाथ छात्रों को कक्षा पहली से बारहवीं तक अंग्रेजी और हिंदी माध्यम की शिक्षा निशुल्क दी जाएगी। ऊदट बताते हैं कि जब उन्होंने देखा कि कोरोना काल में कई बच्चों ने अपने पैरेंट्स को खोया और अनाथ हो गए तो उनके मन में ऐसे बच्चों के लिए कुछ करने का जज्जा जगा। तब उन्होंने अपनी संस्था ओम बन्ना टाइगर फोर्स के माध्यम से अनाथ बच्चों के लिए हॉस्टल बनाने की सोची। संस्था के अध्यक्ष पूर्णसिंह सिणधरी, सचिव आधूराम मेघवाल और कोषाध्यक्ष पदमाराम प्रजापत के साथ 5 हजार सदस्यों के सहयोग से हॉस्टल ने मूर्त रूप लिया।
3 साल में तैयार, 28 रूम, 16 बाथरूम, उन्नत लाइब्रेरी
हॉस्टल में सारी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसमें 28 कमरे, 16 बाथरूम और उन्नत लाइब्रेरी हैं। तीन साल पहले इसका निर्माण शुरू हुआ और अब बनकर तैयार हैं। तीन ठंडे पानी के फ्रीजर हैं। फिल्टर पानी की सुविधा है। बच्चों को शाम को एक दिन कड्ढी, एक दिन दाल व सुबह हर दिन अलग-अलग हरी सब्जियां व छाछ भरपेट स्वादिष्ट व देसी खाना मिलेगा। आगामी 5 मई को इसका उद्घाटन होगा।
प्रवासी बंधुओं और जन सहयोग से जुटाई राशि
पूर्णसिंह सिणधरी ने बताया कि राजस्थान के प्रवासी बंधु जो बैंगलुरु, कर्नाटक, तमिलनाडु, गुजरात, दुबई और कुवैत आदि स्थानों में कार्यरत हैं। उनसे भी सहयोग लिया गया। इसके अलावा 36 कौम से सहयोग राशि जुटाकर हॉस्टल का निर्माण कार्य पूरा करवाया गया। इसके लिए ट्रस्ट ने 1 बीघा जमीन खरीदी और उस पर हॉस्टल ने मूर्त रूप लिया।
180 लड़कों को प्रवेश देंगे, कई एडमिशन हो चुके
ऊदट ने बताया कि कुल 180 लड़कों को प्रवेश देंगे। कई बच्चों का एडमिशन हो चुका है। कक्षा पहली से 12वीं तक के विद्यार्थियों को अंग्रेजी और हिंदी दोनों माध्यम की पढ़ाई करवाई जाएगी। कुल 200 बच्चों की क्षमता है।
इन तीन कैटेगरी में करवाए प्रवेश
1-लड़के के माता-पिता दोनों नहीं होने पर।
2-पिताजी नहीं हैं, घर में सिर्फ विधवा मां है। कमाने वाला कोई नहीं हैं।
3-माता-पिता दोनों हैं पर पिताजी को गंभीर बीमारी जैसे कैंसर, लकवा, टीबी, रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर है या चारपाई पर है। घर में 15 साल से बड़ा बेटा कमाने वाला नहीं होने पर प्रवेश।
राजस्थान के 21 संत और 60 जातियों के मौजिज लोग करेंगे उद्घाटन
ऊदट ने बताया कि राजस्थान के 21 संत और 60 जातियों के मौजिज लोग हॉस्टल का उद्घाटन करेंगे। इस अनूठे कार्यक्रम में किसी राजनेता को अतिथि नहीं बनाया जाएगा। यह पूरी तरह सर्व समाज का कार्यक्रम होगा।
13 साल में सर्व जाति की 214 कन्याओं की शादी भी करवा चुके
ओम बन्ना टाइगर फोर्स 13 साल से सामाजिक कार्यों में लगी हुई है। इन 13 सालों में कई कार्य किए गए और 214 सर्व जाति की कन्याओं की उनके आंगन में जाकर शादी भी करवाई गई।






