-संवित साधनायन सोसायटी के सचिव भरत जोशी, यज्ञ आचार्य अग्निहोत्री पंडित नवरतन व्यास, संयुक्त सचिव शेखर थानवी और यज्ञ सह संयोजक महेश हर्ष ने उम्मेद भवन पैलेस में पूर्व नरेश से मिलकर हवन में सहभागी बनने का निमंत्रण दिया
भरत जोशी. जोधपुर
मारवाड़ के पूर्व नरेश गजसिंह ने कहा कि जोधपुर शहर के इतिहास में पहली बार संवित धाम आश्रम में आगामी 12 जुलाई से आयोजित हो रहा महामृत्युंजय कोटि रुद्र यज्ञ हम सभी शहरवासियों के लिए न केवल गर्व का विषय है वरन इससे जोधपुर, भारत ही नहीं पूरे विश्व का कल्याण होगा और सनातन संस्कृति, धार्मिक अनुष्ठान से पर्यावरण संरक्षण भी होगा। परमहंस स्वामी ईश्वरानंद गिरि महाराज द्वारा दईजर लाछा बासनी में स्थापित संवित धाम आश्रम में आगामी 12 जुलाई से प्रारंभ हो रहे दिव्य महामृत्युंजय कोटि रुद्र हवन में भाग लेने के लिए पूर्व नरेश को आमंत्रित किया गया है तथा उन्होंने आमंत्रण स्वीकार करते हुए संवित साधकों के समक्ष यह उद्गार व्यक्त किए। संवित साधनायन सोसायटी के सचिव भरत जोशी, यज्ञ आचार्य अग्निहोत्री पंडित नवरतन व्यास, संयुक्त सचिव शेखर थानवी और यज्ञ सह संयोजक महेश हर्ष ने उम्मेद भवन पैलेस में पूर्व नरेश से मिलकर हवन में सहभागी बनने का निमंत्रण दिया।
संवित साधनायन सोसायटी के वरिष्ठ साधक राजेंद्र वशिष्ठ और जगदीश नारायण पुरोहित ने बताया कि पूर्व नरेश गजसिंह स्वामी ईश्वरानंद गिरि महाराज के शिष्य रहे हैं तथा अनेक गुरु पूर्णिमा महोत्सव और अन्य आयोजनो में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहकर पूजा, अर्चना और अनुष्ठान में भाग लिया है। पूर्व नरेश गजसिंह ने कहा कि जोधपुर की अधिष्ठात्री मेहरानगढ़ में विराजित मां चामुंडा की कृपा से महामृत्युंजय कोटि रुद्र यज्ञ पूर्ण रूप से सफल होगा। उन्होंने कहा कि जोधपुर शहर सेवा नगरी के साथ धर्म नगरी है और यहां नित्य धार्मिक अनुष्ठान होते रहते हैं। उन्होंने यज्ञ आयोजन की सफलता की कामना करते हुए सभी साधकों को जोधपुर शहर में इस दिव्य आयोजन करने की बधाई भी दी।









