सामाजिक सरोकार में आगे है भारत विकास परिषद
राखी पुरोहित. जोधपुर
भारत विकास परिषद जोधपुर मुख्य शाखा द्वारा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, वस्तुआ में एक भव्य पर्यावरणीय और सामाजिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सेवानिवृत्त कर्नल एवं जिला सैनिक बोर्ड अधिकारी बलदेव सिंह चौधरी के सहयोग से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के अंतर्गत 1000 पौधे लगाए गए तथा 20 परिंडे स्थापित किए गए, जिससे न केवल पर्यावरण को बल मिलेगा बल्कि पक्षियों को गर्मी में आश्रय और पानी भी उपलब्ध होगा।
कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त कर्नल भीखसिंह ने बताया कि उनके 17 गांवों में मृत्यु भोज एवं नशा जैसी कुप्रथाओं का पूर्णत: परित्याग किया गया है। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि संस्कारों के साथ शिक्षा ही आगे बढ़ने का सही मार्ग है। कर्नल बलदेव सिंह ने भी बच्चों को राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर भारत विकास संस्थान के अध्यक्ष सुरेश चंद्र भूतड़ा ने परिषद की कार्यप्रणाली एवं सेवा गतिविधियों पर प्रकाश डाला। पर्यावरण संयोजक सीए नीरज मूंदड़ा, जोधपुर नागरिक सहकारी बैंक के निदेशक राजेंद्र भूतड़ा, समाजसेवी कानमल जी बाहेती तथा विद्यालय के प्राचार्य रमेश चंद्र बैरवा सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अध्यापकों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह आयोजन पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक चेतना और सामुदायिक सहयोग की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल सिद्ध हुआ।
आगे की योजना:
भारत विकास परिषद जोधपुर मुख्य शाखा आगामी समय में भी इस प्रकार के सामाजिक एवं पर्यावरणीय कार्यक्रमों का आयोजन करती रहेगी, ताकि समाज में जागरूकता और सकारात्मक बदलाव लाया जा सके।




