भरत जोशी. जोधपुर
परमहंस स्वामी ईश्वरानंद गिरि महाराज द्वारा दईजर लाछा बासनी में स्थापित संवित धाम आश्रम में चल रहे महामृत्युंजय कोटि रुद्र हवन के 27वें दिवस तक 95 लाख आहुतियां दी जा चुकी हैं। महामृत्युंजय कोटि रुद्र हवन में शुक्रवार 8 अगस्त को द्वितीय पारी में रुद्र चंडी प्रयोग के तहत भगवान शिव और माता पार्वती के निमित्त शक्ति बीजात्मक शिवसहस्र नामावली से 1008 कमल पुष्पों से आहुतियां दी जाएंगी। संवित धाम आश्रम में शाम को 6 बजे से संत सरोवर माउन्ट आबू के मंहत स्वामी संवित सच्चिदानंद गिरि महाराज और एकात्म धाम ओंकारेश्वर के रेजिडेंट आचार्य स्वामी भूमानंद सरस्वती महाराज के प्रवचन हो रहे हैं।
संवित साधनायन सोसायटी की अध्यक्षा रानी उषा देवी ने बताया कि संवित धाम आश्रम में 12 जुलाई से महामृत्युंजय कोटि रुद्र हवन का आयोजन हो रहा है तथा 27 वें दिवस तक 95 लाख महामृत्युंजय मंत्रों के साथ आहुतियां लग चुकी है। 10 अगस्त को पूर्णाहुति होगी। हवन आचार्य अग्निहोत्री पंडित नवरतन व्यास ने बताया कि 9 अगस्त तक लगभग 1 करोड़ आहुतियां पूरी हो जाएंगी। 9 अगस्त को ही भगवान गणपति और नंदी के साथ शिव परिवार और दुर्गा सप्तशती मंत्रों के भगवती चामुंडा व अन्य देवताओं के निमित्त आहुतियां दी जाएंगी।



