पंकज जांगिड़. जोधपुर
गुर्जर समाज के आराध्य देव तथा भगवान विष्णु के अवतार श्री देवनारायण भगवान की सवारी अश्व नीलागर का जन्मोत्सव भाद्रपद शुक्ल पक्ष की षष्ठी 29 अगस्त, शुक्रवार को रातानाडा स्थित श्री देवनारायण मंदिर में श्रद्धापूर्वक मनाया जाएगा।
मंदिर व्यवस्थापक मूलाराम फारक ने बताया कि मंदिर सेवक रामप्रसाद महाराज के सान्निध्य और मंदिर समिति के बाबूलाल हांकला, बलवीरेंद्र भडाणा, महेश धाभाई, राजेन्द्र हांकला, मुकेश कटारिया, राजेन्द्र कटारिया, किशनलाल कालस, दीपक हांकला सहित समाजबंधुओं व श्रद्धालुओं की मेजबानी में आयोजित होने वाले कार्यक्रम के दौरान मंदिर में आकर्षक फूलमंडली व रंगोली से सजावट के साथ देव प्रतिमाओं का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। भगवान को भोग लगाने के लिए भक्त अपने घरों से खीर चूरमा का प्रसाद बनाकर लाएंगे। भोग रुपी प्रसाद संध्या आरती के पश्चात भक्तों में वितरण किया जाएगा। तत्पश्चात मध्यरात्रि तक भजन संध्या का आयोजन होगा जिसमें मंजू डागा एंड पार्टी भगवान देवनारायण की महिमा के गुणगान के साथ देवी-देवताओं के भजनों की सरिता बहाएगी।









