28वां अखिल भारतीय कवि सम्मेलन और सम्मान समारोह 27 नवंबर को आयोजित होगा
राखी पुरोहित. शाहपुरा
साहित्य सृजन कला संगम द्वारा स्थापित लोक कवि मोहन मंडेला स्मृति लोक साहित्य सम्मान इस वर्ष राजस्थानी भाषा के ख्याति प्राप्त कवि, लेखक एवं साहित्यकार सत्यदेव संवितेन्द्र जोधपुर को दिया जाना सुनिश्चित किया है। संवितेन्द्र 70 से अधिक पुस्तकों के रचयिता एवं अनेक अकादमिक सम्मानों से सम्मानित वरिष्ठ साहित्यकार हैं।
अब तक इन्हें मिल चुका है सम्मान :
साहित्य के क्षेत्र में प्रतिष्ठित इस सम्मान को पाने वाले अब तक के साहित्यकारों में गजानन वर्मा श्रीरतनगढ़, कल्याण सिंह राजावत जयपुर, दुर्गादान सिंह गौड़-झालावाड़, माधव दरक केलवाड़ा, रघुराज सिंह हाड़ा-झालावाड़, भंवर भंवर-जयपुर, भागीरथ सिंह भाग्य-बगड़, अरूणकांत सॉचीहर-कांकरोली, पं विश्वेश्वर शर्मा-मुंबई, मुकुट मणिराज-कोटा, गिरीश विद्रोही श्रीनाथद्वारा, डॉ. खटका राजस्थानी-बिजयनगर, नागराज शर्मा पिलानी, बिहारीशरण पारीक जयपुर, नाथूलाल ‘निडर अंता, हंसराज चौधरी रावतभाटा, ताऊ शेखावाटी-सवाईमाधोपुर, आईदान सिंह भाटी-जोधपुर, उपेन्द्र अणु ऋषभदेव, गजादान चारण डीडवाना, डॉ इकराम राजस्थानी-जयपुर, राजेन्द्र स्वर्णकार-बीकानेर, बाबू बंजारा बारां प्रमुख है।
नकद राशि, शॉल, साफा और स्मृति चिह्न देकर करेंगे सम्मान
इस पुरस्कार के अन्तर्गत नकद राशि के अलावा शॉल, साफा एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किये जाने की परम्परा रही है। प्रति वर्ष यह सम्मान लोककवि मोहन मण्डेला स्मृति अखिल भारतीय कवि सम्मेलन के अंतर्गत दिया जाता है। इस वर्ष यह सम्मान लोककवि की 29वीं पुण्यतिथि के परिप्रेक्ष्य में 27 नवंबर को आयोजित होने वाले 28वें अखिल भारतीय कवि सम्मेलन के अवसर पर दिया जाएगा। सह सचिव कवि दिनेश बंटी ने बताया कि अपरिहार्य कारणों से कार्यक्रम को पूर्व घोषित तिथि 29 नवंबर के स्थान पर 27 नवंबर को किया जाना सुनिश्चित किया है। इस महती आयोजन में देश एवं राज्य के चुनिन्दा एवं ख्याति प्राप्त कवि भाग लेते रहे है। संस्था के अध्यक्ष जयदेव जोशी ने बताया कि इस आयोजन को अलग स्वरूप प्रदान करने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही है।





