पत्रकारों के आग्रह को ध्यान में रखकर सदस्यता अभियान को 1 दिन के लिये और किया गया है आगे
शिव वर्मा. जोधपुर
पश्चिमी राजस्थान के सबसे बड़े और प्रतिष्ठित पत्रकार संगठन मारवाड़ प्रेस क्लब द्वारा चलाए जा रहे सदस्यता अभियान को लेकर पत्रकारों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही बड़ी संख्या में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकार सदस्यता प्राप्त करने के लिए पहुंचे। दिन भर चले इस अभियान के दौरान मीडिया कर्मियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और संगठन से जुड़ने की मजबूत इच्छा दिखाई। मारवाड़ प्रेस क्लब की नई टीम का इस अवसर पर विभिन्न पत्रकारों और पत्रकार संगठनों की ओर से स्वागत अभिनंदन भी किया गया।
मारवाड़ प्रेस क्लब के सचिव चंद्रशेखर व्यास ने बताया कि मारवाड़ प्रेस क्लब के अध्यक्ष राजीव गौड़ के नेतृत्व में सफल सदस्य अभियान का पहला चरण पूरा किया गया लेकिन पत्रकारों की मांग पर एक दिन और सदस्यता के लिए बढ़ाया गया है। इस अवसर पर मारवाड़ प्रेस क्लब की नवगठित कार्यकारिणी का वरिष्ठ पत्रकार आरएस. थापा, केडी. इसरानी, अरुण हर्ष, अश्विनी व्यास एवं रमेश सारस्वत के नेतृत्व में पत्रकारों द्वारा भव्य अभिनंदन और इस्तकबाल किया गया। वरिष्ठ पत्रकार नंदकिशोर शाह और इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट की जोधपुर इकाई के अध्यक्ष प्रदीप जोशी ने भी नई टीम को बधाई दी और सदस्यता अभियान में बढ़-चढ़कर अपना योगदान दिया. नई टीम के गठन पर उपस्थित पत्रकारों ने शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि क्लब पत्रकार हितों की रक्षा और उनके सशक्तिकरण के लिए और अधिक प्रभावी भूमिका निभाएगा।
उन्होंने बताया कि सदस्यता अभियान को सफल बनाने के लिए सदस्यता अभियान कमेटी के संयोजक इम्तियाज अहमद की देखरेख में सह संयोजक विक्रम दत्त, मनोज गिरी, माधो सिंह मेहर, सुनील दत्त, जितेंद्र दवे और मनीष दाधीच की अहम् भूमिका रही, वहीं दूसरी ओर वरिष्ठ पत्रकार आर एस थापा, सुमेर सिंह चुंडावत, ईश्वर सिंह,अफरोज खान, मनोज शर्मा और मोहित हेड़ा ने हर तरह से सहयोग किया। गौरतलब है कि सदस्यता अभियान को सफल बनाने के लिए जोधपुर शहर और देहात में सदस्यता अभियान को प्रभावी और व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए सदस्यता अभियान संचालन समिति का गठन किया गया है। वरिष्ठ पत्रकार इम्तियाज अहमद को समिति का संयोजक और विक्रम दत्त को सह-संयोजक बनाया गया है। वहीं चंद्रशेखर व्यास, ललित परिहार, ललित सिंह बड़गूजर, मनोज गिरी, गिरीश दाधीच, सुनील दत्त, माधो सिंह, मनीष दाधीच और जितेंद्र दवे को समिति के सदस्य के रूप में जिम्मेदारी दी गई है।
व्यास ने बताया क़ि सदस्यता अभियान के दौरान आवेदनकर्ताओं की संख्या लगातार बढ़ती रही, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि संगठन के प्रति पत्रकारों में गहरा विश्वास और आकर्षण है। भारी रुझान को देखते हुए कई पत्रकार समयाभाव के कारण आवेदन नहीं कर पाए, जबकि सैकड़ों पत्रकार अभी भी सदस्य बनने के लिए इच्छुक हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए मारवाड़ प्रेस क्लब ने सर्वसम्मति से सदस्यता अभियान को एक दिन और बढ़ाने का निर्णय लिया है।अब 7 जनवरी को भी सदस्यता आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। क्लब की ओर से स्पष्ट किया गया है कि इस दिन रात 8:00 बजे तक केवल ऑनलाइन माध्यम से ही आवेदन लिए जाएंगे। संगठन पदाधिकारियों ने अधिक से अधिक पत्रकारों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर सदस्यता प्राप्त करने की अपील की है।







