-वन, पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन राज्यमंत्री संजय शर्मा बुधवार को जोधपुर प्रवास पर रहे। उन्होंने गुलाब सागर का अवलोकन कर उसके सौंदर्यीकरण के लिए बजट आवंटित करने का आश्वासन दिया वहीं खेजड़ली जाकर शहीदों को नमन किया और म्यूजियम के लिए डीपीआर बनाने के निर्देश दिए
शिव वर्मा की विशेष रिपोर्ट
वन, पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग राज्यमंत्री संजय शर्मा बुधवार को जोधपुर प्रवास पर थे। उनका दौरा नई सरकार बनने के बाद खास मायने रखता है। उन्होंने यहां पहुंचते ही शहर के गुलाब सागर का अवलोकन किया। इस दौरान नगर निगम (उत्तर) के अधीक्षण अभियंता पीएस तंवर ने राज्यमंत्री को जानकारी दी कि गुलाबसागर, फतहसागर एवं इनकी नहरों के जीर्णोद्धार तथा सौंदर्यीकरण कार्य के लिए अमृत 2 के अंतर्गत प्रस्ताव बनाकर स्वीकृति के लिए भेजा जा चुका है।
इस दौरान शहर विधायक अतुल भंसाली ने राज्यमंत्री शर्मा का ध्यान इस जलस्रोत में तथा इसके आस-पास हो रहे प्रदूषण के निवारणार्थ पर्यावरण संरक्षण के अंतर्गत बजट उपलब्धता की ओर आकर्षित किया। भंसाली ने इस संदर्भ में पूर्ण सहयोग की अपेक्षा पर शर्मा ने उन्हें समुचित सहयोग का आश्वासन दिया। अवलोकन के दौरान शर्मा ने कहा कि प्रदूषण की रोकथाम, निवारण एवं पर्यावरण के संरक्षण के लिए सरकार द्वारा हर संभव सहायता दी जाएगी, जिससे प्रदेश पर्यावरण संरक्षण एवं पर्यटन क्षेत्र में नए आयाम और विकल्पों के साथ विकसित हो सकेगा।
वन राज्यमंत्री ने किया खेजड़ली का दौरा : अमृतादेवी शहीद स्मारक के दर्शन किए
-सांकेतिक पौधरोपण कर, किया संकल्प अभियान के पोस्टर का विमोचन
पर्यावरण संरक्षण में प्राण-प्रण से जुटने का किया आह्वान
जोधपुर। वन, पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री संजय शर्मा ने पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सामूहिक प्रयासों के साथ आगे आने का आह्वान करते हुए कहा कि ऐसा करना आज की प्राथमिक जरूरत है। इस कार्य के लिए व्यक्तिगत एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना तथा समर्पित होकर करने का संकल्प लेना होगा।
वन राज्यमंत्री शर्मा ने बुधवार को खेजड़ली में अमृता देवी शहीद स्मारक पर आयोजित कार्यक्रम में यह उद्गार व्यक्त किए।
वन, पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री संजय शर्मा ने बुधवार को खेजड़ली गांव स्थित अमृता देवी शहीद स्मारक के दर्शन किए तथा सांकेतिक पौधरोपण किया। उन्होंने वहां उपस्थित विश्नोई समुदाय एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की एवं संकल्प पत्र में शामिल अमृतादेवी विश्नोई इंडिजेनस प्लांट म्यूजियम के बारे में चर्चा कर संशोधित डी.पी.आर बनाने के निर्देश दिये। राज्यमंत्री संजय शर्मा ने पर्यावरण के संवर्धन एवं संरक्षण के लिए हर शुभ एवं महत्त्वपूर्ण अवसर पर पौधारोपण को एक अभिन्न रीति समान अपनाने का आह्वान किया और कहा कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए हमारा सामाजिक फर्ज है। उन्होंने कहा कि अमृतादेवी के पर्यावरण प्रेम से प्रेरित होकर हम सभी को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रण-प्राण से जुटना होगा। इस दौरान शहर विधायक अतुल भंसाली सहित जनप्रतिनिधिगण, संबंधित अधिकारीगण एवं पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहें।
शर्मा ने सर्किट हाउस में अधिकारियों की बैठक ली
बुधवार को राज्यमंत्री संजय शर्मा एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव, (वन) शिखर अग्रवाल ने सर्किट हाउस में वन विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में संभागीय मुख्य वन संरक्षक, जोधपुर एसआरवी मूर्थी एवं मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) श्री बेगाराम जाट, उप वन संरक्षक, जोधपुर अजित उचोई, उप वन संरक्षक (वन्यजीव) सुनील गौड, उप वन संरक्षक (विकास), विकास अरोड़ा, उप वन संरक्षक (प्रशासन), अमित चौहान एवं उप वन संरक्षक (जोधपुर ग्रामीण), विजय बोराणा ने उन्हें जोधपुर संभाग में वनो एवं वन्यजीवों के संबंध में कार्यो, परियोजनाओं एवं समस्याओं के बारे में अवगत कराया। इस दौरान शर्मा ने मीडिया एवं पर्यावरण प्रेमियों से मुलाकात कर वनभूमि से संबंधित समस्याओं को चरणबद्ध रूप से निस्तारित करने का आश्वासन दिया।
पश्चिमी राजस्थान उद्योग हस्तशिल्प उत्सव 2024 : सांप सीढ़ी की अनूठी प्रतियोगिता में महिलाओं ने दिखाया उत्साह,
– उमा गर्ग रही प्रतियोगिता की विजेता
जोधपुर।शहर के रामलीला मैदान में आयोजित हो रहे पश्चिमी राजस्थान उद्योग हस्तशिल्प उत्सव में बुधवार को सांप सीढ़ी की अनूठी प्रतियोगिता हुई,इसमें महिलाओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।उत्सव सह संयोजक मीनू दुगड़ ने बताया कि प्रतियोगिता में कमलेश गोयल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रही। वहीं लघु उद्योग भारती के प्रांत अध्यक्ष महावीर चोपड़ा ने अध्यक्षता की।
उत्सव समन्वयक मोना हरवानी ने बताया कि इस अनूठी प्रतियोगिता में 18 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए आयोजित की गई इस प्रतियोगिता में उमा गर्ग प्रथम, इंदु सिंघल द्वितीय, मोनिका तृतीया और दीप माला चौथे स्थान पर रही।
प्रतियोगिता संयोजक नलिनी बंसल ने बताया कि प्रतियोगिता की सभी विजेताओं को अतिथियों की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर पुरस्कृत किया गया।







