निगम द्वारा चलाए गए विशेष सतर्कता जांच अभियान में दिया कार्यवाही को अंजाम
राइजिंग भास्कर डॉट कॉम. बाड़मेर
रबी की सीजन में विद्युत चोरी की शिकायतों के मद्देनजर निगम स्तर से जारी निर्देशों की पालना में जिले भर में चलाए गए अभियान के तहत तीन दिनों में 106 स्थानों पर विद्युत चोरी एवं दुरूपयोग के मामलों में सतर्कता जांच की कार्यवाही कर कुल 12.20 लाख रूपए का जुर्माना लगाया गया।
अधीक्षण अभियंता बाड़मेर अजय माथुर ने बताया कि निगम आदेशों की पालना 9 फरवरी, 13 व 14 फरवरी को विशेष सतर्कता जांच अभियान चलाया गया। इसमें विशेष रूप से होटलो, ढ़ाबो, टाॅवर व कृषि कनेक्शनों की जांच की गई। 9 फरवरी को चलाए गए अभियान में 6 स्थानों पर बिजली चोरी पकड़कर 1.23 लाख रूपए का जुर्माना लगाया गया। इसी प्रकार दुरूपयोग के 39 मामलों में सतर्कता जांच कर 3.60 लाख रूपए का जुर्माना लगाया गया। 13 फरवरी को 10 स्थानों पर बिजली चोरी पकड़कर 1.54 लाख रूपए का जुर्माना लगाया गया। इसी प्रकार दुरूपयोग के 16 मामलों में सतर्कता जांच कर 2 लाख रूपए का जुर्माना लगाया गया। 14 फरवरी को 3 स्थानों पर बिजली चोरी पकड़कर 34 हजार रूपए का जुर्माना लगाया गया। इसी प्रकार दुरूपयोग के 32 मामलों में सतर्कता जांच कर 3.49 लाख रूपए का जुर्माना लगाया गया। इस प्रकार तीन दिन के अभियान में 106 जगह कार्यवाही कर 12.20 लाख रूपए का जुर्माना लगाया गया। विद्युत चोरी के प्रकरणों में सात दिन में जुर्माना राशि जमा नहीं करने पर संबंधित के खिलाफ विद्युत चोरी निरोधक थाने में एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
अवकाश के दिन भी खुले रहेगे केश काउंटर
माह फरवरी में अधिकाधिक राजस्व वसूली एवं उपभोक्ताओं को विद्युत बिल भरने की सुविधा प्रदान करने के लिए आगामी तीन दिन अवकाश के दिन भी केश काउंटर खुले रहेगे। अधीक्षण अभियंता बाड़मेर अजय माथुर ने बताया कि फरवरी माह में अब तक राजस्व वसूली के कार्य की समीक्षा के पश्चात अधिकाधिक राजस्व संग्रहण के लिए 16 से 18 फरवरी शुक्रवार, शनिवार व रविवार को राजकीय अवकाश के दिनों में भी विद्युत विभाग के सहायक अभियंता कार्यालयों में केश काउंटर खुले रहेगे। उन्होने विद्युत उपभोक्ताओं से बकाया राशि के साथ नियमित बिल की राशि का भुगतान करने का आव्हान किया हैं ताकि विद्युत संबंध विच्छेद की कार्यवाही से बचा जा सके।



