शिव वर्मा. जोधपुर
सैन महिला मंडल की ओर से 25 फरवरी को भव्य फाग महोत्सव आयोजित किया जाएगा। होली के उल्लास और सांस्कृतिक परंपराओ से ओतप्रोत इस आयोजन को लेकर तैयारियां जोर शोर से जारी है। मंडल की ओर से शहर की मातृशक्ति में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
इसी क्रम में राईकाबाग स्थित जुगल जोडी बाबा रामदेव मंदिर में धर्मगुरु सैनाचार्य महाराज को समारोह का निमंत्रण सौंपा गया । साथ ही कार्यक्रम के आकर्षक पोस्टर का विमोचन किया गया। इस अवसर पर संरक्षक प्रभावती सोलीवाल, कमला चौहान और पूर्व पार्षद सुमन सैन की उपस्थिति रही। सभी ने कार्यक्रम की सफलता के लिए शुभकामनाएं दी।
महिला मंडल अध्यक्ष शिल्पा परिहार और सचिव कान्ता सांखला ने बताया कि सैनाचार्य स्वामी अचलानंद गिरि महाराज तथा झोपडी वाले बालाजी मंदिर के उपासक शंकरलाल महाराज के सान्निध्य में भदवासिया 80 फीट रोड स्थित बालाजी गार्डन में सुबह 10 बजे से फाग महोत्सव प्रारंभ होगा। कार्यक्रम में धार्मिक आशीर्वाद के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियो की रंगारंग शुरुआत की जाएगी।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष पुष्पा भाटी, सुनीता चौहान और कोषाध्यक्ष कमला तंवर ने बताया कि फाग महोत्सव में मिस फागोत्सव, मिसेस फागोत्सव, हाऊजी, एकल और सामूहिक नृत्य, मटकी रेस, बेस्ट राधा कृष्ण, होरी गायन तथा फूलो गुलाल से होली जैसे आकर्षक आयोजन होंगे। पारंपरिक वेशभूषा और फाग गीतो की मधुर धुनो के साथ पूरा वातावरण भक्तिमय और उत्सवी बनेगा।
कार्यक्रम की व्यवस्थाओ को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए अंकिता चौहान, राजल चौहान, राखी बणभैरु, पिंकी परिहार सहित अन्य मातृशक्ति को अलग अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई है। मंडल की ओर से अधिक से अधिक महिलाओं को इस सांस्कृतिक उत्सव में फागणिया व परंपरागत राजस्थानी पौशाक में भाग लेने का आह्वान किया गया है।



