राखी पुरोहित. जोधपुर
पावन पर्व महाशिवरात्रि के अवसर पर सामाजिक सरोकारों को बढ़ावा देते हुए बाबा रामदेव समाज सेवा संस्थान की ओर से 15 फरवरी को एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर स्थानीय रक्तशाला परिसर में प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक आयोजित होगा। संस्था ने शहर के नागरिकों, युवाओं और सामाजिक संगठनों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रक्तदान करने तथा रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।
संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष करण सिंह राठौड़ ने बताया कि महाशिवरात्रि जैसे पावन अवसर पर रक्तदान शिविर आयोजित करने का उद्देश्य समाज में सेवा और मानवता की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक ऐसा महादान है, जो किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है। कई बार दुर्घटनाओं, ऑपरेशन या गंभीर बीमारियों के दौरान रक्त की कमी के कारण मरीजों की जान जोखिम में पड़ जाती है, ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान ही सबसे बड़ा सहारा बनता है।
राठौड़ ने बताया कि संस्थान द्वारा समय-समय पर विभिन्न सामाजिक गतिविधियों के साथ रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाता रहा है और हर बार शहरवासियों का भरपूर सहयोग प्राप्त होता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार भी बड़ी संख्या में युवा, सामाजिक कार्यकर्ता और आम नागरिक शिविर में पहुंचकर रक्तदान करेंगे तथा दूसरों को भी प्रेरित करेंगे।
संस्थान की ओर से शिविर में आने वाले रक्तदाताओं के लिए आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं, चिकित्सकों की टीम तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की तैयारी पूरी कर ली गई है, ताकि रक्तदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। संस्था ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस पुनीत कार्य में भाग लेकर मानव सेवा का संदेश दें और समाज को जीवनदायिनी पहल से जोड़ें।



