शिव वर्मा. जोधपुर
राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे शनिवार को अपने जोधपुर प्रवास के दौरान केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत के निवास पहुंचे।
केंद्रीय मंत्री शेखावत ने राज्यपाल का परिवार सहित आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर सौहार्दपूर्ण वातावरण में दोनों के बीच विभिन्न समसामयिक विषयों पर चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री शेखावत ने राज्यपाल बागडे को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका सम्मान किया।
सर्किट हाउस में प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात
जोधपुर प्रवास के दौरान सर्किट हाउस में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे से संभागीय आयुक्त डॉ. प्रतिभा सिंह, जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल एवं डीसीपी पूर्व पी. डी. नित्या ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राज्यपाल ने अधिकारियों से जिले के प्रशासनिक कार्यों एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति के संबंध में जानकारी ली। अधिकारियों ने राज्यपाल को जिले में संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। इसके पश्चात बागडे ने ग्राम पंचडोलिया, जिला नागौर के लिए प्रस्थान किया।



