राखी पुरोहित. जोधपुर
राजस्थान सिंधी अकादमी के पूर्वअधक्ष लेखक, पत्रकार एवं साहित्यकार भगवान अटलानी को सिंधी भाषा में उनके कहानी संग्रह “वाघू” के लिए “साहित्य अकादमी पुरस्कार 2025” से नवाजा जायेगा। आगामी 31 मार्च को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले समारोह में उन्हें ताम्रफलक, शॉल और एक लाख रुपए की राशि से पुरस्कृत किया जायेगा।
ज्ञात रहे कि केन्द्रीय साहित्य अकादमी ने 24 भाषाओं में कविता, उपन्यास, कहानी, निबंध, साहित्यिक आलोचना, आत्मकथा व संस्मरण की श्रेणी में “साहित्य अकादमी पुरस्कार 2025” की घोषणा की। गौरतलब है कि जयपुर निवासी वरिष्ठ साहित्यकार भगवान अटलानी की 40 से ज्यादा पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। भगवान अटलानी वर्ष 1997 से 2000 तक राजस्थान सिंधी अकादमी के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। सिंधी कल्चरल सोसायटी जोधपुर के अध्यक्ष महेश संतानी ने बताया कि अजमेर को छोड़कर राजस्थान के लेखक को पहली बार सिंधी भाषा में यह पुरस्कार मिलेगा।
कला फाउंडेशन जोधपुर के अध्यक्ष हरीश देवनानी ने बताया के अटलानी को राजस्थान साहित्य अकादमी का सर्वोच्च सम्मान मीरा पुरस्कार भी पूर्व में मिल चुका है, और राष्ट्रीय सिंधी भाषा विकास परिषद नई दिल्ली द्वारा सर्वोच्च लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से भी नवाजा जा चुका है। अटलानी जोधपुर में भी विभिन्न सेमिनारों की अध्यक्षता भी कर चुके हैं।


