Explore

Search

Thursday, July 9, 2026, 3:03 am

Thursday, July 9, 2026, 3:03 am

LATEST NEWS

The specified slider does not exist.

Lifestyle

श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में गरुड़ प्रतिष्ठापना एवं श्रीनिवास कल्याणम हर्षोल्लास से संपन्न

उत्तर व दक्षिण भारतीय श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर लिया भाग

सुनील वर्मा. जोधपुर

श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर जोधपुर में आज गरुड़ प्रतिष्ठापना एवं श्रीनिवास कल्याणम महोत्सव अत्यंत श्रद्धा व उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस पावन अनुष्ठान में दक्षिण भारतीय एवं उत्तर भारतीय श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में सम्मिलित होकर समरसता की मिसाल पेश की।

प्रातः 5:30 बजे श्रीवारी सुप्रभात सेवा के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके पश्चात वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य गरुड़ प्रतिष्ठापना संपन्न हुई। पंचामृत अभिषेकम, आरती एवं प्रसादम के साथ प्रातःकालीन सत्र का समापन हुआ।

सायंकालीन सत्र में सायं 6:00 बजे से श्रीनिवास कल्याणम का दिव्य आयोजन किया गया। पारंपरिक रीति-रिवाजों से संपन्न हुए कल्याणोत्सव में श्रद्धालुओं ने पूरे उल्लास के साथ भाग लिया। रात्रि 8:30 बजे महाआरती एवं महाप्रसादम वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि “सूर्यनगरी में तिरुपति बालाजी की परंपराओं को जीवंत करने वाले इस आयोजन में उत्तर व दक्षिण भारत की संस्कृतियों का अद्भुत संगम देखने को मिला। भक्तों का उत्साह देखते ही बनता था।”

इस अवसर पर जोधपुर एवं आस-पास के जिलों से सैकड़ों श्रद्धालु परिवार सहित उपस्थित रहे। मंदिर परिसर ‘गोविंदा-गोविंदा’ के जयकारों से गूंज उठा।

Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor