Explore

Search

Thursday, July 9, 2026, 7:26 am

Thursday, July 9, 2026, 7:26 am

LATEST NEWS

The specified slider does not exist.

Lifestyle

जोधपुर में साहित्य का उत्सव: तीन पुस्तकों के लोकार्पण से गूंजेगी ‘सम्भावना’ की स्वर-लहरियां

श्रीमती दमयंती कच्छवाह की पुस्तकों का लोकार्पण 9 मई को—साहित्यकारों, विद्वानों और कला प्रेमियों का होगा संगम

दिलीप कुमार पुरोहित. जोधपुर

सांस्कृतिक नगरी जोधपुर एक बार फिर साहित्यिक रंग में रंगने जा रही है। महिलाओं की साहित्यिक संस्था ‘सम्भावना’ द्वारा एक भव्य और गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें वरिष्ठ साहित्यकार श्रीमती दमयंती कच्छवाह की तीन महत्वपूर्ण कृतियों का लोकार्पण किया जाएगा। यह आयोजन न केवल साहित्य प्रेमियों के लिए एक विशेष अवसर होगा, बल्कि रचनात्मकता, संस्कृति और विचारों के आदान-प्रदान का भी एक सशक्त मंच बनेगा।

सिंधु गहलोत ने बताया कि यह कार्यक्रम शनिवार, 9 मई 2026 को शाम 6:00 बजे होटल चन्द्रा इन, पांच बत्ती चौराहा, रातानाडा जोधपुर में आयोजित होगा। आयोजन में शहर के प्रख्यात साहित्यकार, शिक्षाविद, शोधकर्ता और कला प्रेमी बड़ी संख्या में भाग लेंगे।

तीन कृतियों का होगा लोकार्पण

सिंधु गहलोत ने बताया कि कार्यक्रम में श्रीमती दमयंती कच्छवाह द्वारा रचित तीन पुस्तकों—‘चांद-कंवर’, ‘सियाराममय सब जग जानी’ और ‘भक्त शिरोमणि मीरांबाई का जीवनवृत्त’—का विधिवत लोकार्पण किया जाएगा। इन कृतियों के माध्यम से लेखिका ने जहां एक ओर लोक जीवन, आस्था और संस्कृति को शब्दों में पिरोया है, वहीं दूसरी ओर भारतीय परंपरा और अध्यात्म की गहराई को भी सहजता से प्रस्तुत किया है।

बतौर सिंधु गहलोत ‘चांद-कंवर’ में ग्रामीण परिवेश और लोक जीवन की झलक देखने को मिलती है, जबकि ‘सियाराममय सब जग जानी’ आध्यात्मिक चिंतन और भक्ति भाव से ओत-प्रोत है। वहीं ‘भक्त शिरोमणि मीरांबाई का जीवनवृत्त’ में भक्ति आंदोलन की महान संत मीरांबाई के जीवन, संघर्ष और समर्पण को प्रभावशाली ढंग से उकेरा गया है।

विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति

इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रख्यात शिक्षाविद प्रो. डॉ. कल्याण सिंह शेखावत करेंगे, जो कला, शिक्षा और समाज विज्ञान के क्षेत्र में अपने योगदान के लिए जाने जाते हैं। मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध साहित्यकार और आलोचक प्रो. डॉ. रेणु शाह उपस्थित रहेंगी। इसके अलावा विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. हरीदास व्यास (लेखक, कथाकार एवं मीडिया विश्लेषक) और डॉ. ओ.पी. टाक (निदेशक, आजीवन शिक्षा विभाग, जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय, जोधपुर) अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। इन सभी विद्वानों के विचार कार्यक्रम को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।

साहित्यिक प्रस्तुति और संवाद का मंच

सिंधु गहलोतने बताया कि कार्यक्रम में केवल पुस्तकों का लोकार्पण ही नहीं, बल्कि साहित्यिक विमर्श, पत्र वाचन और संवाद का भी आयोजन किया जाएगा। डॉ. अंजना चौधरी द्वारा पत्र वाचन किया जाएगा, जो कार्यक्रम को बौद्धिक दृष्टि से समृद्ध बनाएगा। स्वागत भाषण वरिष्ठ साहित्यकार श्रीमती बसंती पंवार द्वारा दिया जाएगा, जबकि संचालन कवयित्री श्रीमती मधुर परिहार करेंगी। इन सभी की सहभागिता कार्यक्रम को जीवंत और प्रभावशाली बनाएगी। ‘सम्भावना’ संस्था लंबे समय से महिलाओं के साहित्यिक विकास और सृजनात्मक अभिव्यक्ति के लिए कार्य कर रही है। यह संस्था महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने, लेखन कौशल को निखारने और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रेरित करती है। इस प्रकार के आयोजन न केवल साहित्य को बढ़ावा देते हैं, बल्कि महिलाओं की भागीदारी को भी सशक्त बनाते हैं। संस्था का यह प्रयास समाज में साहित्यिक चेतना को जागृत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor