Explore

Search

Sunday, August 23, 2026, 11:28 am

Sunday, August 23, 2026, 11:28 am

LATEST NEWS
[wonderplugin_slider id=1]
Lifestyle

जोधपुर का 568वां स्थापना दिवस : प्रमुख इमारतें और चौराहे रोशनी से सजेंगे, कई कार्यक्रम होंगे

पर्यटन विभाग एवं जिला प्रशासन ने शुरू की तैयारियां, घंटाघर पर बीएसएफ कैमल माउंटेड बैण्ड करेगा प्रस्तुति, पर्यटकों का होगा स्वागत, तूरजी के झालरे पर दीपोत्सव एवं लोक सांस्कृतिक संध्या होगी 

सुनील वर्मा. जोधपुर

जोधपुर का 568वां स्थापना दिवस 12 मई 2026 को पर्यटन विभाग एवं जिला प्रशासन, जोधपुर के संयुक्त तत्वावधान में विविध सांस्कृतिक एवं पर्यटन गतिविधियों के साथ उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा। स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों के क्रम में गुरुवार को जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग की बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न कार्यक्रमों एवं व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया।

बैठक में लिए गए निर्णयानुसार जोधपुर स्थापना दिवस की पूर्व संध्या 11 मई को शहर की प्रमुख ऐतिहासिक इमारतों, सार्वजनिक स्थलों एवं प्रमुख चौराहों पर आकर्षक सजावटी रोशनी की व्यवस्था की जाएगी, जिससे पूरे शहर में उत्सवमय वातावरण निर्मित होगा।

पर्यटन विभाग के उपनिदेशक भानु प्रताप ने बताया कि स्थापना दिवस के अवसर पर 12 मई को प्रातः 7 बजे से 8 बजे तक घंटाघर परिसर में पर्यटकों एवं आमजन के आकर्षण हेतु कैमल फ्रंटियर बीएसएफ, जोधपुर के कैमल माउंटेड बैण्ड द्वारा विशेष बैण्ड वादन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

भानु प्रताप ने बताया कि पर्यटन विभाग द्वारा प्रातः 10:15 बजे से मेहरानगढ़ दुर्ग में आगन्तुक देशी एवं विदेशी पर्यटकों का माल्यार्पण कर पारंपरिक स्वागत किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान लोक कलाकारों द्वारा राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करती रंगारंग लोक प्रस्तुतियाँ भी दी जाएंगी।

संध्याकालीन कार्यक्रमों के अंतर्गत पर्यटन विभाग द्वारा तूरजी के झालरे पर दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर लोक नृत्य एवं लोक गायन की मनोहारी प्रस्तुतियां आयोजित होंगी, जो स्थापना दिवस समारोह को सांस्कृतिक गरिमा प्रदान करेंगी।

Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor