Explore

Search

Sunday, October 18, 2026, 8:22 am

Sunday, October 18, 2026, 8:22 am

LATEST NEWS
[wonderplugin_slider id=1]
Lifestyle

जोधपुर स्थापना दिवस पर फोटो वॉक : कैमरे की नजर से निखरी ब्लू सिटी की खूबसूरती

फोटो वॉक का नेतृत्व मुख्य प्रशिक्षक मनोज बोहरा एवं अमित व्यास ने किया। उनके निर्देशन में प्रतिभागियों ने शहर के प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों पर पहुंचकर फोटोग्राफी की बारीकियों को समझते हुए विभिन्न एंगल और फ्रेम में तस्वीरें कैद कीं।

राइजिंग भास्कर. जोधपुर 

पुष्करणा सृजन सोसायटी के तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय फोटोग्राफी वर्कशॉप के तहत मंगलवार को जोधपुर स्थापना दिवस के अवसर पर विशेष फोटो वॉक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वर्कशॉप में शामिल प्रतिभागियों ने कैमरे की नजर से शहर की ऐतिहासिक धरोहर, संस्कृति, स्थापत्य कला और जीवंत जीवनशैली को बेहद करीब से महसूस किया।

फोटो वॉक का नेतृत्व मुख्य प्रशिक्षक मनोज बोहरा एवं अमित व्यास ने किया। उनके निर्देशन में प्रतिभागियों ने शहर के प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों पर पहुंचकर फोटोग्राफी की बारीकियों को समझते हुए विभिन्न एंगल और फ्रेम में तस्वीरें कैद कीं। इस दौरान प्रतिभागियों ने ऐतिहासिक घंटाघर, तूरजी का झालरा, ब्लू सिटी की संकरी गलियों, पारंपरिक बाजारों और शहर की स्ट्रीट लाइफ को अपने कैमरे में उतारा।

फोटो वॉक के दौरान प्रतिभागियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। नीले रंग से सजे घर, कलात्मक हवेलियां, पुरानी वास्तुकला और शहर की सांस्कृतिक झलकियों ने सभी को आकर्षित किया। प्रतिभागियों ने बताया कि जब उन्होंने कैमरे के लेंस से अपने शहर को देखा, तब उन्हें एहसास हुआ कि जोधपुर वास्तव में कितना सुंदर और जीवंत है। शहर की विरासत, रंगों का अनूठा मेल और यहां की पारंपरिक जीवनशैली हर फ्रेम को खास बना रही थी।
प्रतिभागियों ने कहा कि यही वजह है कि देश-विदेश के पर्यटक और फिल्मी दुनिया से जुड़े लोग भी इस शहर की ओर आकर्षित होते हैं। ब्लू सिटी की पहचान, यहां की ऐतिहासिक धरोहर और लोक संस्कृति फोटोग्राफी के लिए अद्भुत विषय प्रस्तुत करती है। फोटो वॉक के दौरान कई प्रतिभागियों ने स्ट्रीट फोटोग्राफी के माध्यम से स्थानीय जीवन के सहज और प्राकृतिक पलों को भी कैमरे में कैद किया।

सोसायटी के अध्यक्ष आनंद राज व्यास ने बताया कि पांच दिवसीय वर्कशॉप का समापन बुधवार प्रातः 7:00 बजे भूतनाथ महादेव मंदिर में आयोजित फोटोग्राफी प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिता के साथ होगा। प्रदर्शनी में प्रतिभागियों द्वारा खींची गई श्रेष्ठ तस्वीरों का प्रदर्शन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में पूर्व न्यायाधीश गोपाल कृष्ण व्यास मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि वरिष्ठ फोटोग्राफर प्रोफेसर शिवजी जोशी कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। आयोजन के माध्यम से युवाओं में फोटोग्राफी के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ शहर की ऐतिहासिक धरोहर और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor