पंकज जांगिड़. जोधपुर
शहर के वार्ड नंबर 55 स्थित लड्ढ़ा कॉलोनी में आज एक ऐतिहासिक और जनहितकारी कार्य का शुभारंभ हुआ। वर्षों से पेयजल संकट से जूझ रहे क्षेत्रवासियों के लिए यह दिन किसी राहत से कम नहीं रहा। पावर पंप ट्यूबवेल का उद्घाटन जोधपुर शहर विधायक अतुल भंसाली द्वारा किया गया। कार्यक्रम का सबसे खास क्षण वह रहा जब महिला शक्ति की भागीदारी से ट्यूबवेल का उद्घाटन किया गया। महिलाओं द्वारा स्वास्तिक चिन्ह बनवाया गया और उसके बाद विधायक अतुल भंसाली ने बटन दबाकर ट्यूबवेल का विधिवत लोकार्पण किया।
कार्यक्रम की शुरुआत भारतीय संस्कृति की सुंदर परंपरा के साथ हुई। कॉलोनी की भगवती देवी जाजू द्वारा अतिथियों का तिलक कर आत्मीय स्वागत किया गया। लड्ढ़ा कॉलोनी युवा विकास समिति के सदस्य रामलाल जांगिड़, गजेंद्र वैष्णव, सुनील शर्मा, अमृत बोहरा, कैलाश चंद्र लड्ढ़ा एवं चंपालाल जाजू ने अतिथियों का साफा एवं पुष्पहार पहनाकर सम्मान किया। यह दृश्य सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे का प्रतीक बना।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल, पार्षद प्रत्याशी एवं मंडल अध्यक्ष नगेंद्र सिंह शेखावत, भाजपा नेता लक्ष्मण सिंह भाटी, प्रदेश सहसंयोजक महेंद्र सिंह शेखावत, लड्ढ़ा कॉलोनी युवा विकास समिति के सदस्य, महिला मोर्चा की प्रतिनिधियां सहित कई गणमान्य जन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन नरेंद्र सिंह इंदा (शक्ति प्रमुख) ने किया।
विधायक अतुल भंसाली ने कहा कि गर्मियों में पानी की समस्या से जूझ रहे लड्ढ़ा कॉलोनी के निवासियों के लिए यह ट्यूबवेल किसी वरदान से कम नहीं है। लंबे समय से चली आ रही जल संकट की समस्या के समाधान की दिशा में यह एक ठोस कदम है। क्षेत्रवासियों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।
क्षेत्रवासियों ने जनप्रतिनिधियों और समिति के सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहल से आने वाले समय में बड़ी राहत मिलेगी। यह आयोजन इस बात का प्रमाण है कि जब जनप्रतिनिधि और समाज एक साथ मिलकर कार्य करते हैं, तो विकास की गति तेज होती है और समस्याओं का समाधान संभव हो पाता है।




