Explore

Search

Sunday, August 23, 2026, 2:10 pm

Sunday, August 23, 2026, 2:10 pm

LATEST NEWS
[wonderplugin_slider id=1]
Lifestyle

“एक फोटो पूरी कहानी को बयां कर देती है” : जस्टिस व्यास

पांच दिवसीय फोटोग्राफी वर्कशॉप संपन्न, प्रतिभागियों की प्रदर्शनी ने मोहा मन

दिलीप कुमार पुरोहित. जोधपुर

“फोटोग्राफी केवल तस्वीर लेना नहीं, बल्कि भावों को जीवंत अभिव्यक्ति देना है। कई बार जो बातें शब्दों में नहीं कही जा सकतीं, उन्हें एक तस्वीर सहजता से बयां कर देती है।” यह विचार पूर्व न्यायाधीश गोपाल कृष्ण व्यास ने पुष्करणा सृजन समिति एवं पुष्करणा चिंतन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय फोटोग्राफी वर्कशॉप के समापन समारोह में व्यक्त किए।

भूतनाथ मंदिर के प्रांगण में बुधवार को आयोजित समारोह में जिसमें प्रतिभागियों द्वारा पांच दिनों के दौरान क्लिक किए गए उत्कृष्ट छायाचित्रों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में प्रकृति, मानवीय भाव, स्थापत्य, लोकजीवन और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर आधारित तस्वीरों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

व्यास ने अपने कहा कि एक कुशल छायाकार साधारण दृश्य को भी अपनी दृष्टि और संवेदनशीलता से असाधारण बना देता है। उन्होंने कहा कि कैमरे में कैद एक क्षण समय के साथ इतिहास बन जाता है। उन्होंने प्रतिभागियों की तस्वीरों की सराहना करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी में रचनात्मकता और संवेदनशील सोच का विकास ऐसे आयोजनों से होता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ छायाकार प्रोफेसर शिवजी जोशी ने कहा कि फोटोग्राफी एक निरंतर सीखने और अभ्यास की कला है। उन्होंने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि अच्छी तस्वीर के लिए केवल कैमरा पर्याप्त नहीं होता, बल्कि प्रकाश, एंगल, कंपोजिशन और विषय की समझ भी उतनी ही महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि यदि युवा लगातार अभ्यास करते रहें तो वे इस क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकते हैं।
विशिष्ट अतिथि पूर्व महाधिवक्ता अनिल जोशी ने प्रतिभागियों द्वारा प्रदर्शित छायाचित्रों की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि समर्पण और लगन के साथ किया गया कार्य हमेशा सफलता दिलाता है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में फोटोग्राफी जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुकी है। हर व्यक्ति के हाथ में कैमरा है, लेकिन अच्छी फोटोग्राफी के लिए केवल कैमरा नहीं बल्कि देखने का नजरिया जरूरी होता है। सही दृष्टिकोण ही एक सामान्य तस्वीर को उत्कृष्ट बना देता है।

मुख्य प्रशिक्षक मनोज बोहरा ने बताया कि पांच दिवसीय कार्यशाला में प्रतिभागियों ने अत्यंत उत्साह और समर्पण के साथ भाग लिया। लगातार प्रैक्टिकल अभ्यास के माध्यम से उन्होंने फोटोग्राफी की बारीकियों को समझा और सुंदर छायाचित्र अपने कैमरों में कैद किए, जिनकी सभी ने सराहना की। उन्होंने कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य केवल तकनीकी जानकारी देना नहीं, बल्कि प्रतिभागियों में रचनात्मक सोच और दृश्य संवेदनशीलता विकसित करना भी था। शिविर के दौरान प्रतिभागियों ने आउटडोर फोटोग्राफी, पोर्ट्रेट, लाईट इफेक्ट्स तथा कंपोजिशन जैसी महत्वपूर्ण विधाओं का अभ्यास किया। सह प्रशिक्षक अमित व्यास ने भी संबोधित किया।

प्रारंभ में सोसायटी के अध्यक्ष आनंद राज व्यास एवं सत्य प्रकाश बोहरा ने अतिथियों का स्वागत कर उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किए। इस अवसर पर सर्व ब्राह्मण महासभा राजस्थान के कार्यकारी अध्यक्ष सत्य प्रकाश बोहरा, जोधपुर फोटोग्राफर एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष दिनेश गहलोत, वीर दुर्गादास राठौड़ स्मृति समिति के सचिव भागीरथ वैष्णव सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। उत्साह, रचनात्मकता और सीखने की उमंग से भरपूर यह आयोजन प्रतिभागियों के लिए यादगार बन गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में संयोजक रामजी व्यास, ज्ञानेंद्र व्यास, अनिल पुरोहित, महेंद्र पुरोहित सहित मॉडल महेश व्यास एवं रवि पुरोहित का विशेष सहयोग रहा। अंत में आनंद पुरोहित ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor