सुनील वर्मा. जयपुर
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्धि करके सरकार ने आम आदमी पर बोझ डाल दिया है। गहलोत ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि महंगाई का सीधा बोझ आम आदमी पर डाला जा रहा है। गहलोत ने जयपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आम जनता पर लगातार महंगाई का बोझ डाला जा रहा है।
“चुनाव के बाद कीमतें बढ़ने की बात पहले ही कही थी”
पूर्व सीएम गहलोत ने कहा कि राहुल गांधी ने पश्चिम बंगाल चुनाव के दौरान ही संकेत दे दिए थे कि चुनाव खत्म होने के बाद पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ेंगे और अब वही हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जनता से बचत और सावधानी बरतने की अपील करने से भी लोगों को अंदाजा हो गया था कि कीमतों में बढ़ोतरी होने वाली है।
मनमोहन सरकार के दौर से की तुलना
पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि जब मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे तब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें 115 से 120 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई थीं, लेकिन उस समय भी पेट्रोल-डीजल के दाम इतने अधिक नहीं थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौर में भाजपा और नरेंद्र मोदी महंगाई को लेकर लगातार सरकार को घेरते थे।
“क्रूड ऑयल सस्ता होने पर भी नहीं मिली राहत”
पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि बाद में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें घटकर करीब 60 डॉलर प्रति बैरल तक आ गईं, लेकिन तब भी केंद्र सरकार ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में अपेक्षित कमी नहीं की। उन्होंने कहा कि आम जनता को राहत देने के बजाय लगातार आर्थिक बोझ बढ़ाया है।



