Explore

Search

Thursday, July 9, 2026, 3:25 am

Thursday, July 9, 2026, 3:25 am

LATEST NEWS

The specified slider does not exist.

Lifestyle

भारत विकास परिषद जोधपुर मुख्य शाखा द्वारा शनि अमावस्या पर गौसेवा एवं जल सेवा का सराहनीय आयोजन

राखी पुरोहित. जोधपुर 

शनि अमावस्या के पावन अवसर पर भारत विकास परिषद जोधपुर मुख्य शाखा द्वारा सेवा, संस्कार एवं समर्पण की भावना के साथ गौसेवा एवं जल सेवा के विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। परिषद द्वारा भीषण गर्मी एवं जल संकट को देखते हुए विभिन्न क्षेत्रों में पशु-पक्षियों एवं गौवंश हेतु जल सेवा की गई। वहीं गुलाब गौशाला में श्रद्धापूर्वक गोसेवा कार्यक्रम भी संपन्न हुआ।

परिषद के प्रकल्प संयोजक दिनेश शर्मा एवं संस्थान के पूर्व अध्यक्ष हरि माहेश्वरी के निर्देशन एवं सक्रिय सहयोग से श्री गुलाब गौशाला, चटालिया (सोयला) नागौर मार्ग एवं आसपास की अन्य गौशालाओं की खेलियों में पशुओं हेतु चार पानी के टैंकर डलवाए गए। इसके अतिरिक्त पाबूनाडा क्षेत्र एवं जाजीवाल धोरा स्थित खेलियों में भी चार टैंकर द्वारा जल सेवा की व्यवस्था की गई, जिससे भीषण गर्मी में गौवंश, अन्य पशु एवं पक्षियों को राहत मिल रही है।

परिषद के अध्यक्ष सुरेश चंद्र भूतड़ा एवं सचिव राजेंद्र मंत्री ने बताया कि वर्तमान समय में जल सेवा एवं जीवदया सबसे बड़ा मानव धर्म है तथा परिषद समाज सेवा एवं जनहित के कार्य निरंतर करती रहेगी। स्थानीय नागरिकों ने परिषद के इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायक एवं समाजोपयोगी पहल बताया।

गुलाब गौशाला में आयोजित गोसेवा कार्यक्रम के दौरान गौमाता के लिए लापसी, चारा, सोगरा एवं रोटी की व्यवस्था की गई। साथ ही पक्षियों के लिए दाना-पानी की उत्तम व्यवस्था भी की गई। इस संपूर्ण सेवा कार्यक्रम का प्रायोजन एवं सफल समन्वय परिषद संरक्षक डॉ. द्वारका लाल माथुर द्वारा किया गया।

कार्यक्रम के पश्चात परिषद सदस्यों द्वारा अपनी श्रद्धानुसार गौशाला हेतु आर्थिक सहयोग राशि भी भेंट की गई। “नर सेवा ही नारायण सेवा” के भाव को आत्मसात करते हुए परिषद द्वारा सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया गया।

Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor