छोटे व्यापारियों से लेकर होनहार विद्यार्थियों तक, विधवा महिलाओं से लेकर गंभीर रोगियों तक—सहयोग की बहुआयामी पहल बन रही उम्मीद की रोशनी
शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार, महिला सहायता और सामाजिक सम्मान जैसे क्षेत्रों में माहेश्वरी समाज की अनेक संस्थाएं काम कर रही है। ट्रस्ट वर्षों से सेवा कार्यों के माध्यम से समाज के अनेक वर्गों को सहयोग प्रदान कर रहे हैं।
छोटे व्यापारियों के लिए संबल बनी आदित्य विक्रम बिरला मेमोरियल व्यापार सहयोग केन्द्र योजना
“आदित्य विक्रम बिरला मेमोरियल व्यापार सहयोग केन्द्र” योजना छोटे व्यापारियों को व्यापार उन्नति के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करता है। अधिकतम 2 लाख रुपए तक का ऋण उपलब्ध करवाया जाता है। विशेष परिस्थितियों में 3 लाख रुपए किया जा सकता है। लाभार्थी को केवल 25 प्रतिशत पूंजी स्वयं लगानी होती है। ऋण पर केवल 6 प्रतिशत की दर से सेवा शुल्क लिया जाता है। त्रैमासिक किस्तों में 4 से 5 वर्षों में चुकाने की सुविधा दी गई है। समय पर किस्त भुगतान पर सेवा शुल्क में 1 प्रतिशत की अतिरिक्त रियायत दी जाती है।
शिक्षा को नई उड़ान दे रहा श्री बद्रीलाल सोनी माहेश्वरी शिक्षा सहयोग केंद्र
“श्री बद्रीलाल सोनी माहेश्वरी शिक्षा सहयोग केंद्र” महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। विभिन्न पाठ्यक्रमों में छात्रवृत्ति उपलब्ध कराई जाती है। प्रशासनिक सेवाओं और बैंक ऋण पर अनुदान जैसी सुविधाएं भी दी जाती हैं। विद्यार्थियों को कोचिंग फीस के लिए छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। योजना का एक महत्वपूर्ण पक्ष यह भी है कि बैंक से लिए गए शिक्षा ऋण पर देय ब्याज में भी सहयोग प्रदान किया जाता है।
गंभीर रोगियों के लिए राहत बनी श्री बांगड़ माहेश्वरी मेडिकल वेलफेयर सोसाइटी
“श्री बांगड़ माहेश्वरी मेडिकल वेलफेयर सोसाइटी” जरूरतमंद रोगियों के लिए सहयोग का मजबूत माध्यम बन रही है। यह संस्था गंभीर बीमारी से ग्रस्त रोगियों को सहायता प्रदान करती है।
शौर्य और समाज गौरव को सम्मान दे रहा श्री कोठारी बंधु शौर्य स्मृति ट्रस्ट
“श्री कोठारी बंधु शौर्य स्मृति ट्रस्ट” ऐसे व्यक्तियों को सम्मानित कर समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार कर रहा है। यह ट्रस्ट उन समाजबंधुओं को सम्मानित करता है जिन्होंने शौर्य, साहस और उपलब्धियों से समाज का गौरव बढ़ाया है।
असहाय विधवा बहनों का सहारा बना श्री कृष्णादास जाजू स्मारक ट्रस्ट
“श्री कृष्णादास जाजू स्मारक ट्रस्ट” असहाय विधवा महिलाओं को मासिक सहायता प्रदान कर संवेदनशील सामाजिक भूमिका निभा रहा है। यह सहायता केवल आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि आत्मसम्मान और सुरक्षा की भावना भी देती है। विधवा महिलाओं को नियमित सहायता मिलने से उनका जीवन अधिक सम्मानजनक और सुरक्षित बनता है।
होनहार विद्यार्थियों के लिए आगे आया श्री रामगोपाल माहेश्वरी स्मृति शिक्षा केंद्र
“श्री रामगोपाल माहेश्वरी स्मृति शिक्षा केंद्र” भी शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दे रहा है। यह केंद्र प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को शिक्षा पाठ्यक्रम और फीस में सहायता प्रदान करता है।
प्राथमिक शिक्षा और समग्र विकास को बढ़ावा दे रही मोहिनीदेवी चुन्नीलाल सोमानी एबीएमएम एजुकेशन फाउंडेशन
शिक्षा की मजबूत नींव प्राथमिक स्तर से ही तैयार होती है। “मोहिनीदेवी चुन्नीलाल सोमानी एबीएमएम एजुकेशन फाउंडेशन” प्राथमिक छात्रों की शिक्षा और समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। यह फाउंडेशन प्राथमिक स्तर से लेकर 10वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को स्कूल फीस में वित्तीय सहायता प्रदान करता है।




