कथा से प्राप्त राशि निराश्रित, असहाय एवं जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा, पालन-पोषण एवं उनके पुनर्वास जैसे सेवा कार्यों में खर्च की जाएगी।
पंकज जांगिड़. जोधपुर
पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर पाल शिल्प ग्राम स्थित आशापुरा माता मंदिर में 29 से 31 मई तक तीन दिवसीय भक्त शिरोमणि नरसीजी के जीवन चरित्र पर आधारित “नानीबाई रो मायरो” कथा का भव्य आयोजन किया जाएगा। जिसमें कथा वाचक अनिल महाराज के श्रीमुख से प्रतिदिन शाम 7:30 बजे से कथा का वाचन होगा, जिसके बैनर का विमोचन किया गया।
आयोजन समिति के पं. संदीप श्रीमाली ने बताया कि कथा के प्रचार-प्रसार हेतु क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क किया गया है। श्रद्धालुओं को घर-घर जाकर पीले चावल देकर ससम्मान आमंत्रित किया जा रहा है। आयोजन को लेकर क्षेत्रवासियों में विशेष उत्साह, श्रद्धा एवं भक्ति का वातावरण बना हुआ है।
उन्होंने बताया कि कथा के माध्यम से प्राप्त होने वाली सहयोग राशि को निराश्रित, असहाय एवं जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा, पालन-पोषण एवं उनके पुनर्वास जैसे सेवा कार्यों में समर्पित किया जाएगा। धार्मिक आयोजन के साथ सेवा और मानवता का यह अनूठा संगम कथा को और अधिक प्रेरणादायी बना रहा है।
आयोजन की तैयारियों को लेकर मंदिर परिसर में आज महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें उपस्थित गिरधारी लाल महेश्वरी, बुधाराम पटेल, रोशन लाल गर्ग, भोपाल सिंह राठौड़, राणाराम परिहार एवं ओमप्रकाश चौधरी सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं आयोजन समिति के सदस्यों ने कथा आयोजन की व्यवस्थाओं, श्रद्धालुओं की सुविधाओं एवं सेवा कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।




