Explore

Search

Thursday, July 9, 2026, 1:53 am

Thursday, July 9, 2026, 1:53 am

LATEST NEWS

The specified slider does not exist.

Lifestyle

एम्स जोधपुर में आयुष्मान योजना से मिल रहा कैशलेस इलाज, पात्र मरीजों को भर्ती से डिस्चार्ज तक नि:शुल्क सुविधाएं

भर्ती, दवा, ऑपरेशन और डिस्चार्ज तक की प्रक्रिया हुई आसान, हेल्प डेस्क और आयुष्मान मित्र कर रहे मार्गदर्शन

दिलीप कुमार पुरोहित. जोधपुर

9783414079 diliprakhai@gmail.com

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) जोधपुर में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) तथा मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना (MAA) के तहत पात्र मरीजों को कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। संस्थान द्वारा जारी मार्गदर्शिका के अनुसार मरीजों को भर्ती, दवा, डे-केयर सेवाएं, डिस्चार्ज और विभिन्न चिकित्सकीय प्रक्रियाओं में सहायता प्रदान की जा रही है। राजस्थान के पात्र परिवारों को मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत प्रति परिवार प्रति वर्ष 25 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर दिया जा रहा है, जबकि प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का लाभ उपलब्ध है।

एम्स जोधपुर द्वारा जारी जानकारी के अनुसार योजना का लाभ राजस्थान सहित पात्र परिवारों को भी दिया जा रहा है। इसके अलावा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के पात्र परिवार भी योजना के अंतर्गत उपचार प्राप्त कर सकते हैं। संस्थान में आयुष्मान हेल्प डेस्क, चिकित्सा सामाजिक कल्याण इकाई तथा आयुष्मान मित्र मरीजों को योजना संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध करा रहे हैं।

किन लोगों को मिलेगा योजना का लाभ

मार्गदर्शिका के अनुसार राजस्थान में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के पात्र परिवार, सामाजिक-आर्थिक एवं जाति जनगणना 2011 में शामिल परिवार, लघु एवं सीमांत किसान, संविदा कर्मचारी तथा कोविड-19 अनुग्रह सहायता प्राप्त निराश्रित एवं असहाय परिवार योजना के पात्र हैं। इसके अलावा “वय वंदन 70+ योजना” के अंतर्गत 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी व्यक्ति भी शामिल किए गए हैं।

राजस्थान के ऐसे परिवार जो सरकारी कर्मचारी या पेंशनभोगी नहीं हैं तथा मेडिकल अटेंडेंस नियमों के अंतर्गत लाभ नहीं ले रहे हैं, वे निर्धारित 850 रुपये वार्षिक प्रीमियम जमा कर योजना से जुड़ सकते हैं।

अन्य राज्यों के लिए आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना लागू है। इसमें SECC-2011 के पात्र परिवार, भवन एवं अन्य निर्माण श्रमिक (BOCW), कोविड-19 सहायता प्राप्त परिवार तथा विभिन्न केंद्रीय सुरक्षा बलों के पात्र परिवार शामिल हैं।

जानिए : राजस्थान में क्या है विशेष

मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना की मुख्य बातें
  • प्रति परिवार 25 लाख रुपये तक स्वास्थ्य बीमा
  • भर्ती एवं डे-केयर सेवाएं कैशलेस
  • बोन मैरो ट्रांसप्लांट, किडनी ट्रांसप्लांट और लिवर ट्रांसप्लांट जैसी सुविधाएं
  • 70 वर्ष से अधिक आयु वालों के लिए “वय वंदन 70+ योजना”
  • 850 रुपये वार्षिक प्रीमियम देकर भी योजना से जुड़ने का विकल्प

भर्ती की प्रक्रिया कैसे होती है

एम्स जोधपुर में आयुष्मान योजना के तहत भर्ती प्रक्रिया को सरल बनाया गया है। राजस्थान के मरीजों को जन आधार कार्ड, आधार कार्ड तथा आधार से पंजीकृत मोबाइल नंबर प्रस्तुत करना होता है। अन्य राज्यों के मरीजों को आयुष्मान कार्ड और आवश्यक दस्तावेज देने होते हैं।

इसके बाद बायोमेट्रिक सत्यापन एवं लाइव फोटो के माध्यम से पंजीकरण किया जाता है। चिकित्सक द्वारा रोग की पहचान के बाद आयुष्मान मित्र दस्तावेजों की जांच करते हैं। श्रेणी अपडेट होने के बाद मरीज को वार्ड में स्थानांतरित किया जाता है। पूरी प्रक्रिया में चिकित्सा सामाजिक कल्याण इकाई सहायता और समन्वय का कार्य करती है।

CAPF परिवारों के लिए CAPF आयुष्मान कार्ड तथा रेफरल प्रमाण पत्र या आपातकालीन भर्ती आवश्यक बताई गई है।

मरीजों को मिल रही कैशलेस दवा सुविधा

एम्स जोधपुर में आयुष्मान योजना के अंतर्गत भर्ती और डे-केयर मरीजों को चिकित्सक के प्रिस्क्रिप्शन एवं पैकेज कोड के अनुसार कैशलेस दवाएं और कंज्यूमेबल्स उपलब्ध कराए जा रहे हैं। दवाओं की उपलब्धता केंद्रीय स्टोर फार्मेसी एवं अधिकृत फार्मेसी के माध्यम से सुनिश्चित की जाती है।

वार्ड से ऑनलाइन इंडेंट भेजा जाता है और स्वीकृति के बाद मरीज को आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। चिकित्सा सामाजिक कल्याण इकाई यहां भी मरीजों को मार्गदर्शन देती है।

डिस्चार्ज के समय भी बायोमेट्रिक जरूरी

मार्गदर्शिका के अनुसार मरीज के उपचार पूर्ण होने के बाद आयुष्मान हेल्प डेस्क से बायो ऑथेंटिकेशन एवं लाइव फोटो के माध्यम से डिस्चार्ज प्रक्रिया पूरी की जाती है। पैकेज कोड के अनुसार आवश्यक दस्तावेजों के साथ डिस्चार्ज दिया जाता है। बिल क्लियरेंस के बाद मरीज को छुट्टी प्रदान की जाती है।

सूचना : एम्स जोधपुर में कहां-कहां हैं आयुष्मान हेल्प डेस्क

  • आपातकालीन एवं ट्रॉमा हॉल – भूतल
  • आईपीडी आयुष्मान सेल – भूतल
  • कैंसर नवीन भवन डे-केयर हॉल – भूतल
  • ऑन्कोलॉजी वार्ड – प्रथम तल
  • आईपीडी भवन C एवं D ब्लॉक – प्रथम, तृतीय, चतुर्थ और छठा तल
  • आईपीडी भवन A एवं B ब्लॉक – द्वितीय और पंचम तल

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQ)

प्रश्न : मुझे कैसे पता चलेगा कि मैं आयुष्मान भारत योजना का लाभार्थी हूं या नहीं?

उत्तर : किसी भी सूचीबद्ध अस्पताल के आयुष्मान मित्र, स्वास्थ्य मार्गदर्शक, आयुष्मान हेल्प डेस्क, नजदीकी ई-मित्र केंद्र या आयुष्मान टोल-फ्री हेल्पलाइन से इसकी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

प्रश्न : मैं राजस्थान का निवासी हूं लेकिन योजना का लाभार्थी नहीं हूं, मुझे क्या करना चाहिए?

उत्तर : ऐसी स्थिति में नजदीकी ई-मित्र केंद्र पर जाकर 850 रुपये वार्षिक प्रीमियम जमा कर मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना से जुड़ा जा सकता है। प्रीमियम जमा करने के 90 दिन बाद योजना सक्रिय हो जाती है।

प्रश्न : मैं राजस्थान का निवासी नहीं हूं और आयुष्मान योजना का लाभार्थी भी नहीं हूं, मुझे क्या करना चाहिए?

उत्तर : अपने राज्य में ऐसी योजना में पंजीकरण कराया जा सकता है जो आयुष्मान भारत योजना का लाभार्थी बनाती हो। अधिक जानकारी के लिए आयुष्मान टोल-फ्री हेल्पलाइन से संपर्क किया जा सकता है।

प्रश्न : अस्पताल में भर्ती होने से पहले क्या करना होता है?

उत्तर : आयुष्मान हेल्प डेस्क पर आयुष्मान कार्ड, जन आधार कार्ड तथा आधार कार्ड दिखाना होता है। इसके बाद आवश्यक भर्ती दस्तावेजों के साथ प्री-ऑथराइजेशन प्रक्रिया पूरी कर मरीज को नि:शुल्क उपचार दिया जाता है।

प्रश्न : आयुष्मान योजना में कितने रुपये तक का लाभ मिलता है?

उत्तर : राजस्थान में मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के पात्र परिवारों को 25 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर मिलता है। अन्य राज्यों में लाभ संबंधित राज्य की नीति के अनुसार प्रदान किए जाते हैं।

प्रश्न : योजना में कौन-कौन सी सुविधाएं उपलब्ध हैं?

उत्तर : भर्ती उपचार के साथ बोन मैरो ट्रांसप्लांट, किडनी ट्रांसप्लांट, लिवर ट्रांसप्लांट, कोक्लियर इम्प्लांट तथा डे-केयर प्रक्रियाएं कैशलेस उपलब्ध कराई जाती हैं।

प्रश्न : यदि उपचार में कोई समस्या हो तो क्या करें?

उत्तर : ऐसी स्थिति में एम्स जोधपुर की चिकित्सा सामाजिक कल्याण इकाई अथवा आयुष्मान हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर मार्गदर्शन प्राप्त किया जा सकता है।

हेल्पलाइन नंबर

राजस्थान के लिए

181

अन्य राज्यों के लिए

14555, 1800-111-565

संपर्क

चिकित्सा सामाजिक कल्याण इकाई, आयुष्मान प्रकोष्ठ
आईपीडी आयुष्मान सेल, ग्राउंड फ्लोर
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, जोधपुर – 342005
ईमेल : ayushmanbharat@aiimsjodhpur.edu.in

एम्स जोधपुर में उपलब्ध अन्य कैशलेस सेवाएं

  • आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना
  • मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना
  • प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष
  • मुख्यमंत्री राहत कोष
  • राष्ट्रीय आरोग्य निधि
  • दुर्लभ रोगों के लिए राष्ट्रीय नीति 2021
  • ECHS योजना
  • CGHS योजना
  • IIT जोधपुर स्वास्थ्य सुविधा
Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor