राखी पुरोहित. जोधपुर
परिषद अध्यक्ष श्री सुरेश चंद्र भूतड़ा ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में भारत विकास परिषद, जोधपुर मुख्य शाखा द्वारा दिनांक 05 जून 2026 (शुक्रवार) को पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरण हेतु विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
शाखा पर्यावरण समिति के संयोजक नीरज मूंदड़ा ने बताया कि आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 8:30 बजे 19 E पार्क (अनदाराम परिहार विद्यालय के पीछे) से पर्यावरण जागरूकता रैली के साथ होगा। रैली के माध्यम से नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं हरित जीवन शैली अपनाने का संदेश दिया जाएगा।
रैली के उपरांत पार्क परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें पर्यावरण संतुलन एवं हरित वातावरण के संवर्धन हेतु पौधे लगाए जाएंगे तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया जाएगा।
परिषद सचिव राजेंद्र मंत्री ने बताया कि भीषण गर्मी को देखते हुए पक्षियों के लिए परिंडे वितरण एवं स्थापना का कार्यक्रम भी रखा गया है, जिससे पक्षियों को पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।
प्लास्टिक प्रदूषण को कम करने एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आमजन को कपड़े की थैलियों का वितरण किया जाएगा तथा उन्हें प्लास्टिक के उपयोग से बचने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त पर्यावरण गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पर्यावरण संरक्षण, जल बचत, वृक्षारोपण, स्वच्छता एवं सतत विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
इस अवसर पर परिषद द्वारा “एक पेड़ माँ के नाम – हरित भविष्य की ओर एक सार्थक कदम” अभियान के माध्यम से अधिकाधिक वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया जाएगा।
भारत विकास परिषद, जोधपुर मुख्य शाखा ने सभी सदस्यों, नागरिकों एवं पर्यावरण प्रेमियों से कार्यक्रम में सहभागी बनकर पर्यावरण संरक्षण के इस जनआंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया है।




