दिलीप कुमार पुरोहित. जोधपुर
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सुभाष पार्क, प्रताप नगर में ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा आयोजित पंच दिवसीय समर कैंप का शुभारंभ पर्यावरण संरक्षण के प्रेरणादायी संदेशों के साथ हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चों, युवाओं, माताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मुख्य अतिथि मिसेज इंडिया इंटरनेशनल सिद्धि जौहरी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने जन्मदिन पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए तथा उसकी नियमित देखभाल का संकल्प भी ले।
उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को शुद्ध नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य का आधार भी बनते हैं। उन्होंने सभी को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने तथा पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र प्रभारी शील दीदी ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छ पर्यावरण और सकारात्मक विचार एक-दूसरे के पूरक हैं। जब मन में शुद्धता और प्रकृति के प्रति सम्मान का भाव होता है, तब व्यक्ति स्वयं भी सुखी रहता है और समाज के लिए भी प्रेरणास्रोत बनता है।
विशिष्ट अतिथियों के रूप में संत चिन्मयानंद महाराज, साध्वी स्वाति गिरि जी तथा पार्षद भरत आसेरी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने पर्यावरण संरक्षण, जल बचाओ, वृक्ष लगाओ और स्वच्छता अपनाओ का संदेश देते हुए लोगों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन मीनू दीदी ने किया।
खुशी दीदी ने बच्चों को रोचक गतिविधियों, डांस, योग एवं व्यायाम के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली और टीम भावना का अभ्यास कराया। बच्चों ने भी विभिन्न प्रस्तुतियों एवं गतिविधियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, जल संरक्षण करने तथा प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का वचन लिया। यह कार्यक्रम पर्यावरण जागरूकता, आध्यात्मिक मूल्यों एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का सुंदर संगम बनकर सभी के लिए प्रेरणादायक रहा।






