Explore

Search

Thursday, July 9, 2026, 1:53 am

Thursday, July 9, 2026, 1:53 am

LATEST NEWS

The specified slider does not exist.

Lifestyle

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के लिए जोधपुर में जारी है 50 दिवसीय काउंटडाउन योगाभ्यास

योग फॉर हेल्दी एजिंग” थीम के साथ मनाया जाएगा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

सुनील वर्मा. जोधपुर

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के आयोजन की तैयारियों के अंतर्गत जिला प्रशासन एवं आयुर्वेद विभाग, जोधपुर द्वारा जिलेभर में 50 दिवसीय काउंटडाउन योगाभ्यास कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिदिन प्रातः 7 से 8 बजे तक राजकीय उम्मेद स्टेडियम सहित विभिन्न स्थानों पर अंतर्राष्ट्रीय योग प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास करवाया जा रहा है।

इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस “योग फॉर हेल्दी एजिंग” थीम पर मनाया जाएगा। इसके तहत आमजन में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर योग गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों द्वारा नियमित रूप से योगाभ्यास में भाग लिया जा रहा है।

आयुर्वेद विभाग द्वारा संचालित 50 दिवसीय काउंटडाउन कार्यक्रम के अंतर्गत पिछले 39 दिनों से राजकीय उम्मेद स्टेडियम, राजकीय कनीराम सालगराम टांक नर्स/कंपाउंडर प्रशिक्षण केंद्र पुंजला, राजकीय योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान केंद्र, आयुर्वेद औषधालय बासनी तंबोलिया, बालसमंद तथा मंडोर सहित विभिन्न स्थानों पर योगाभ्यास सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम, पंचायत एवं ब्लॉक स्तर पर भी नियमित योगाभ्यास करवाया जा रहा है।

काउंटडाउन कार्यक्रम के 39वें दिन आयोजित योग सत्र का निरीक्षण उपनिदेशक एवं सहायक निदेशक, आयुर्वेद विभाग, जोधपुर द्वारा किया गया। इस अवसर पर डॉ. अंजू नागर ने कहा कि योग स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार है तथा इसे दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ने के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए।

सहायक निदेशक डॉ. राजकुमार ने बताया कि प्रतिदिन आयोजित सत्रों में सूक्ष्म व्यायाम, आसन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास करवाया जा रहा है, जिससे शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाया जा सके।

राजकीय उम्मेद स्टेडियम में योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामलाल तथा आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेंद्र सिंह राठौड़ के निर्देशन में अंतर्राष्ट्रीय योग प्रोटोकॉल का अभ्यास करवाया जा रहा है। मुख्य योग प्रदर्शक प्रियंका विश्नोई, प्रीति खोखर, प्रियदर्शनी कल्ला एवं किरण द्वारा योग क्रियाओं का प्रदर्शन किया गया।

योगाभ्यास सत्र में डॉ. अशोक कुमार मित्तल, डॉ. सुशीला चौधरी, डॉ. जोगेन्द्र राव, डॉ. प्रेमसुख, डॉ. मुकेश प्रजापत, डॉ. तेजक्ष मित्तल, डॉ. मीनाक्षी, सहायक प्रशासनिक अधिकारी मदनलाल राजपुरोहित सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी एवं योग साधकों ने सहभागिता की।

Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor