संसदीय कार्य मंत्री ने मुख्यमंत्री जन आवास योजना के 110 आवंटियों को सौंपी आवास की चाबी
सुनील वर्मा. जोधपुर
मुख्यमंत्री जन आवास योजना के तहत “गृह गौरव: खुशियों की चाबी” कार्यक्रम शनिवार को मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर में संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में 110 आवंटियों को आवास की चाबी सौंपी गई।
पटेल ने कहा हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासनकाल के इन 12 वर्षों में देश ने पहली बार गरीब कल्याण और अभूतपूर्व विकास को समांतर रूप से चरितार्थ होते देखा है। उन्होंने कहा जब नेतृत्व की नीयत साफ हो, लक्ष्य राष्ट्रहित हो और समर्पण पूर्ण हो, तभी ऐसे परिवर्तन संभव होते हैं।
“सभी के लिए आवास” के स्वप्नदृष्टा मोदीजी, देश भर में हुआ 4 करोड़ से अधिक आवासों का निर्माण
संसदीय कार्य मंत्री ने कहा हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का “सभी के लिए आवास” का स्वप्न साकार हो रहा हैं। उन्होंने कहा मोदीजी के विजन के तहत अब तक 4 करोड़ से अधिक प्रधानमंत्री आवास का निर्माण कार्य पूरा हो चुका हैं। उन्होंने कहा सितंबर 2024 में शुरू की गई पीएमएवाई-यू 2.0 का लक्ष्य 2028-29 तक एक करोड़ अतिरिक्त पात्र शहरी लाभार्थियों को सहायता प्रदान करना है।
पटेल ने कहा मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के संवेदनशील नेतृत्व में दो साल के कार्यकाल में राजस्थान में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत नवीन 48 हज़ार आवास स्वीकृत किए गए हैं। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अन्तर्गत दो वर्षों में 7.16 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं।
अपना घर हर व्यक्ति का सपना—
विधि मंत्री ने कहा अपना घर होना हर व्यक्ति का सबसे बड़ा सपना होता है। मुख्यमंत्री जन आवास योजना के माध्यम से हम न केवल ईंट-पत्थर का मकान दे रहे हैं, बल्कि सम्मानजनक जीवन जीने का आधार प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा ग्राम बड़ली में निर्मित यह प्रोजेक्ट आधुनिक शहरी सुविधाओं से युक्त है, जहाँ निवासियों को गुणवत्तापूर्ण बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराया गया है।
मूलभूत सुविधाओं का रखा गया है विशेष ध्यान—
जोधपुर विकास प्राधिकरण के आयुक्त उत्साह चौधरी ने कहा जोधपुर विकास प्राधिकरण द्वारा विकसित इस योजना में सड़क, बिजली, पानी और सार्वजनिक पार्क जैसी समस्त मूलभूत सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। उन्होंने आवंटियों को बधाई देते हुए उनके सुखद भविष्य की मंगलकामना की।
योजना में 1 हजार 216 आवासों का होगा निर्माण—
जेडीए सचिव श्रीमती चंचल वर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री जन आवास योजना के तहत ग्राम बड़ली के खसरा संख्या 88 में आर्थिक दृष्टि से कमजोर आर्य वर्ग के लिए 768 एवं अल्प आय वर्ग के लिए 448 कुल 1216 आवंटियों के लिए फ्लैट निर्माण का कार्य 2018 में आरम्भ किया गया। अभी तक 320 आवासों का निर्माण हो चुका हैं। उन्होंने कहा आज ईडब्ल्यूएस वर्ग के 87 और अल्प आय वर्ग के 23 आवंटियों को आवास का कब्जा सौंपा जिनकी सम्पूर्ण राशि जमा हो गई थी।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में उपायुक्त वीरेंद्र सिंह भाटी, उपायुक्त रामजी भाई कलबी, छोटू सिंह राठौड़, खींवराज जांगिड, गोविंद टाक सहित जनप्रतिनिधिगण और लाभार्थी उपस्थित रहे।




