Explore

Search

Sunday, August 23, 2026, 7:13 pm

Sunday, August 23, 2026, 7:13 pm

LATEST NEWS
[wonderplugin_slider id=1]
Lifestyle

राजस्‍थान की सभी 25 सीटों पर खिलाएंगे कमल : शेखावत

– भाजपा की कलस्‍टर बैठक में बोले केंद्रीय जलशक्ति मंत्री
– मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बोले, हम सबको प्रचंड जीत के लिए शिद्धत के साथ जुट जाना है

शिव वर्मा. जोधपुर

जोधपुर, 19 मार्च। जोधपुर से भाजपा प्रत्याशी और केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्‍द्र सिंह शेखावत ने कहा कि लोकसभा चुनावों में हम सब परिश्रम की पराकाष्‍टा पर आगे बढ़ते हुए राजस्‍थान की 25 की 25 सीटों पर कमल खिलाएंगे। हम सभी छोटी-छोटी न्‍यूताओं को भुलाते हुए इस लक्ष्‍य को हासिल करेंगे, जिससे प्रधानमंत्री जी के 400 पार के संकल्‍प को पूरा किया जाएगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि वर्ष 2047 में विकसित भारत बनाने के दृष्टिकोण से आने वाला चुनाव काफी महत्‍वपूर्ण है, इसलिए हम सबको प्रचंड जीत के लिए शिद्धत के साथ जुट जाना है।

गजेन्द्र सिंह शेखावत और भजनलाल शर्मा भाजपा की जोधपुर, पाली, बाड़मेर-जैसलमेर और जालोर-सिरोही लोकसभा क्षेत्र की कलस्‍टर बैठक को संबोधित कर रहे थे। शेखावत ने कहा कि कार्यकर्ताओं के परिश्रम की बदौलत विधानसभा चुनाव में सबसे अधिक सीटें जोधपुर संभाग ने जीतीं। इन्‍हीं कार्यकर्ताओं के परिश्रम की बदौलत हम लोकसभा चुनाव में भी सबसे अधिक वोटों के साथ इस मारवाड़ की धरती से सबसे अधिक सीटें जीतेंगे। उन्‍होंने कहा कि इसी लक्ष्‍य को पूरा करने के मकसद से हम सब भाजपा कार्यकर्ता पार्टी को प्रचंड बहुमत से जीतने के लिए निकल पड़े हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह कार्यकर्ताओं के परिश्रम का ही प्रतिफल था कि वर्ष 2014 में 30 साल से चली आ रही मिलीजुली सरकार की प्रथा समाप्‍त हुई। भाजपा की बहुमत वाली सरकार बनी। यह सिलसिला वर्ष 2019 में भी बरकरार रहा और राजस्‍थान से 25 की 25 सीटें जीतने में पार्टी को सफलता मिली।

शेखावत ने कहा कि जिसे इस बार भी बरकरार रखते हुए प्रधानमंत्री जी के 400 पार के संकल्‍प को पूरा करना है। उन्‍होंने कहा कि जिस तरह प्रधानमंत्री और पार्टी के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष ने 400 पार के संकल्‍प के तहत पूरे देश में काम किया है, उसी श्रृंखला में पार्टी का हर कार्यकर्ता भी जुट गया है, जिससे विकसित भारत के सपने को साकार किया जा सके।

मां भारती की सेवा में जुटा है भाजपा कार्यकर्ता : सीएम भजनलाल शर्मा

प्रदेश के मुख्‍यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता से लेकर श्रेष्‍ठ पदाधिकारी भी मां भारती की सेवा में जुटा हुआ है। यह चुनाव काफी महत्‍वपूर्ण है, क्‍योंकि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्‍व में हम सबने वर्ष 2047 तक विकसित भारत का सपना देखा है, उसी सपने के तहत में हमें सबसे मजबूत और सिरमौर भारत बनाने के लिए काम करना है।

कांग्रेस का नाम लिए बगैर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोगों ने आजादी के लिए काम कम किया, लेकिन आजादी का उपयोग ज्‍यादा किया। उन्‍होंने अपनी ऐसी नीति के चलते देश को भ्रष्‍टाचार और तुष्टीकरण की गर्त में धकेल दिया। उन्‍होंने कहा कि चाहे देश में या राज्‍यों में, सबसे अधिक राज एक पार्टी ने ही किया, लेकिन यह दु:खद है कि आजादी के 70-75 सालों तक भी गांवों में शिक्षा और चिकित्‍सा की बात की जाती है। उन्‍होंने कहा कि सबसे अधिक समय तक राज करने वाली इस पार्टी ने गांव और शहरों के बीच दूरियां बढ़ा दीं।

मुख्‍यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद दुनिया में भारत का डंका बज रहा है और आने वाले दिनों में भारत दुनिया का मुकुट होगा। दुनिया भारत की तरफ देखेगी। उन्‍होंने कहा कि वर्ष 1893 में स्‍वामी विवेकानंद जी ने कहा था कि 21वीं सदी भारत की सदी होगी। उन्‍होंने कहा था- उठो, जागो और दुनिया में छा जाओ। स्‍वामी विवेकानंद जी द्वारा कहीं बातें वर्ष 2014 के बाद से साकार हो रही हैं और पूरी दुनिया में भारत का डंका बज रहा है।

उन्‍होंने कहा कि वर्ष 2047 में भारत को विकसित भारत बनाने के दृष्टिकोण से आने वाला चुनाव काफी महत्‍वपूर्ण है, इसलिए हम सबको प्रचंड जीत के लिए शिद्धत के साथ जुट जाना है।

ये भी रहे मौजूद

केंद्रीय राज्यमंत्री कैलाश चौधरी, पाली सांसद पीपी चौधरी, राजस्थान के कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल, गजेंद्र सिंह खींवसर, जोराराम कुमावत, राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत, जालोर-सिरोही से भाजपा प्रत्याशी लुंबाराम चौधरी, जोधपुर शहर अध्यक्ष देवेंद्र सालेचा, जोधपुर दक्षिण के अध्यक्ष जगराम बिश्नोई, जोधपुर उत्तर के अध्यक्ष मनोहर पालीवाल, जैसलमेर जिला अध्यक्ष चंद्रप्रकाश साहड़ा समेत बड़ी संख्या में विधायक, जनप्रतिनिधि, भाजपा प्रदेश पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हनुमानसिंह खांगटा और पप्पूराम डारा ने भाजपा जॉइन की  

इधर राजपूत समाज के कद्दावर नेता हनुमानसिंह खांगटा और पप्पूराम डारा ने भाजपा जॉइन कर ली। खबर है कि उन्होंने गजेंद्रसिंह शेखावत की उपस्थिति में मुख्यमंत्री भजनसिंह के हाथों पार्टी का दुपट्‌टा ओढ़कर विधिवत रूप से भाजपा जॉइन कर ली। इस मौके पर पार्टी में नया उत्साह देखा गया।

प्रधान कार्यालय पहुंचे मुख्यमंत्री

जोधपुर में भारतीय जनता पार्टी कलस्टर बैठक के बाद राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जोधपुर से पार्टी प्रत्याशी और केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के प्रधान चुनाव कार्यालय पहुंचे। मुख्यमंत्री ने प्रधान कार्यालय में भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की। उन्होंने कार्यालय का अवलोकन किया। केंद्रीय मंत्री शेखावत ने मुख्यमंत्री शर्मा का स्वागत अभिनंदन किया।

Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor