Explore

Search

Thursday, July 9, 2026, 1:53 am

Thursday, July 9, 2026, 1:53 am

LATEST NEWS

The specified slider does not exist.

Lifestyle

छतरियों की छांव में योग का उत्सव, सम्राट अशोक उद्यान बना रंगों और ऊर्जा का संगम

‘अम्ब्रेला योग’ की अनूठी थीम ने खींचा शहरवासियों का ध्यान, सैकड़ों योग साधकों ने लिया हिस्सा

राखी पुरोहित. जोधपुर

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जून माह को योग महोत्सव के रूप में मना रहे मोहिनी योग संस्थान  ने रविवार सुबह सम्राट अशोक उद्यान में एक अनूठे अंदाज में ‘अम्ब्रेला योग’ का आयोजन कर योग को उत्सव का स्वरूप दे दिया। सतरंगी छतरियों के साथ सामूहिक योगाभ्यास ने पूरे उद्यान को रंगों और सकारात्मक ऊर्जा से सराबोर कर दिया। इस अनोखी पहल को देखने के लिए सुबह की सैर पर आए लोगों ने भी रुककर इस आकर्षक दृश्य का आनंद लिया।

संस्थान की संचालिका एवं योग गुरु मुक्ता माथुर ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन को हर परिस्थिति में संतुलित रखने की कला भी है। उन्होंने कहा कि जैसे छतरी हमें धूप और बारिश से सुरक्षा देती है, उसी प्रकार योग तनाव, रोग और नकारात्मकता से बचाकर स्वस्थ एवं आनंदमय जीवन की सुरक्षा कवच बनता है।

योग शिक्षक हेमंत कुमार के निर्देशन में आयोजित विशेष सत्र में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने एक साथ रंग-बिरंगी छतरियों के साथ विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम किए। सुबह की ताजी हवा, हरियाली और रंग-बिरंगी छतरियों के बीच सामूहिक योगाभ्यास ने पूरे वातावरण को उत्साह और उल्लास से भर दिया।

योग शिक्षिका रजनी ने कहा कि ऐसे रचनात्मक आयोजन लोगों को योग के प्रति सहज रूप से जोड़ते हैं। योग को उत्सव के रूप में मनाने की यह पहल समाज में स्वास्थ्य और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश देने का प्रभावी माध्यम बन रही है।

इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के प्रांत सहमंत्री महेंद्र उपाध्याय ने योग साधकों का उत्साहवर्धन करते हुए नियमित योग को स्वस्थ समाज की आवश्यकता बताया। सन टू ह्यूमन संस्था के योग साधकों ने भी आयोजन में भाग लेकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। भारत विकास परिषद के डॉ. प्रभात माथुर ने संस्थान के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया।

कार्यक्रम के सफल संचालन एवं व्यवस्थाओं में रमेश माथुर और कुणाल माथुर का विशेष सहयोग रहा। संस्थान ने बताया कि पिछले 16 वर्षों से निरंतर आयोजित किए जा रहे इस नि:शुल्क योग शिविर में प्रतिवर्ष सैकड़ों शहरवासी जुड़ते हैं और आगामी दिनों में भी योग जागरूकता से जुड़े नवाचारपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor