जेएनवीयू कुलगुरु डॉ पवन कुमार शर्मा की अध्यक्षता में कार्यक्रम का होगा आयोजन, पूर्व हाई कोर्ट न्यायाधीश गोपाल कृष्ण व्यास होंगे मुख्य अतिथि, संगीत नाटक अकादमी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अनवर खान और जेएनवीयू संगीत विभाग की पूर्व अध्यक्ष कविता चक्रवर्ती होंगीं विशिष्ट अतिथि, बॉलीवुड अभिनेता स्व. सज्जन पुरोहित और पद्मश्री लाखा खान सहित कई दिग्गज होंगे मरुधरा गौरव सम्मान से सम्मानित
राखी पुरोहित. सुनील वर्मा. जोधपुर
मरुधरा लोक कला एवं संगीत सेवा संस्थान के तत्वावधान में आगामी 20 जून शनिवार को रातानाडा स्थित होटल चंद्रा (पांच बत्ती चौराहा) में शाम 4:00 बजे से ‘मरुधरा गौरव सम्मान 2026’ का भव्य आयोजन होने जा रहा है,जिसकी तैयारियां पूरी कर ली गई है। इस आयोजन में हर साल की तरह इस साल भी संगीत और संस्कृति को समर्पित 11 विभूतियों का सम्मान किया जाएगा।
मरुधरा लोक कला और संगीत सेवा संस्थान की संस्थापक अध्यक्ष डॉ. स्वाति शर्मा एवं सचिव सुमन परिहार ने संयुक्त रूप से बताया कि मरुधरा की माटी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और कला जगत को समृद्ध करने वाले 11 विशिष्ट साधकों को इस वर्ष इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा जाएगा। इस भव्य सांस्कृतिक महाकुंभ की अध्यक्षता जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय, जोधपुर के कुलगुरु प्रो. (डॉ.) पवन कुमार शर्मा करेंगे, जबकि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश एवं राज्य मानवाधिकार आयोग के पूर्व अध्यक्ष जस्टिस गोपाल कृष्ण व्यास होंगे। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में संगीत नाटक अकादमी, नई दिल्ली के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद्मश्री अनवर खान एवं जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय के संगीत विभाग की पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. कविता चक्रवर्ती शिरकत करेंगी।
इस वर्ष सम्मानित होने वाली विभूतियों में प्रख्यात बॉलीवुड अभिनेता स्व. सज्जन पुरोहित (मरणोपरांत-स्मृति शेष), सुप्रसिद्ध सारंगी वादक पद्मश्री लाखा खान, शास्त्रीय गायन के क्षेत्र से भूरा राम शर्मा, कला मर्मज्ञ एवं प्रख्यात समाजसेविका डॉ. अनुराधा आडवाणी, ख्यातिप्राप्त शास्त्रीय गायिका विदुषी पलमा दास जोशी, जाने-माने तबला वादक उस्ताद साबिर हुसैन खान, प्रख्यात सितार वादक उस्ताद नियाज अहमद खान, विख्यात गजल गायक डॉ. रौशन भारती, प्रसिद्ध भरतनाट्यम नृत्यांगना डॉ. मंजूषा चंद्र भूषण सक्सेना, वरिष्ठ चित्रकार लक्ष्य पाल सिंह राठौड़ तथा प्रसिद्ध कालबेलिया नृत्यांगना सेनू सपेरा शामिल हैं। यह सभी हस्तियाँ अपने-अपने क्षेत्र में अद्वितीय योगदान देकर कला जगत का गौरव बढ़ा रही हैं।
इस गरिमामयी और वृहद स्तर के समारोह को सफल बनाने के लिए संस्थान की आयोजन समिति के सदस्य डिम्पल गौड़, सुरभि शर्मा, डॉ. अर्चना गौड़, सुनंदा पुरोहित, अनीता टाक, रश्मि शर्मा, बिंदु श्रीवास्तव, देवयानी पंवार, स्वाति दीपक शर्मा और ज्योति भटनागर पूरी तत्परता से आयोजन क़ो भव्य बनाने मे जुटे हुए हैं। संस्थान की ओर से शहर के समस्त कला-प्रेमियों, प्रबुद्धजनों और संगीत अनुरागियों को इस भव्य उत्सव में साक्षी बनने के लिए सादर आमंत्रित किया गया है।








