12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के पूर्वाभ्यास सत्रों में नियमित योगाभ्यास जारी
सुनील वर्मा. जोधपुर
वर्तमान जीवनशैली में बढ़ती स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों को देखते हुए स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए योग को अपनाना अत्यंत आवश्यक है। “अबकी बार : स्वस्थ आयु के लिए योग” की थीम के साथ 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जिले में आयोजित पूर्वाभ्यास सत्रों में बड़ी संख्या में लोग नियमित रूप से योगाभ्यास कर रहे हैं।
आयुर्वेद विभाग जोधपुर की उपनिदेशक एवं जिला नोडल अधिकारी डॉ. अंजू नागर ने बताया कि 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के पूर्वाभ्यास सत्रों के अंतर्गत सम्राट अशोक उद्यान, मंडोर उद्यान, राजकीय आयुर्वेद नर्सिंग ट्रेनिंग सेंटर पुंजला तथा मंडलो में जिला प्रशासन एवं आयुर्वेद विभाग के तत्वावधान में प्रतिदिन प्रातः 7 से 8 बजे तक योगाभ्यास करवाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विगत 47 दिनों से कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योग क्रियाओं एवं आसनों का नियमित अभ्यास कराया जा रहा है।
योग विशेषज्ञों द्वारा शिथिलीकरण की क्रियाओं के अंतर्गत ग्रीवा, स्कंध, कटि एवं जानु संचालन के अभ्यास कराए गए। इसके साथ ही खड़े होकर, बैठकर, पेट के बल तथा पीठ के बल किए जाने वाले विभिन्न आसनों का अभ्यास करवाया गया। प्रतिभागियों को कपालभाति, अनुलोम-विलोम, शीतली, भ्रामरी एवं ध्यान का भी नियमित अभ्यास कराया गया।
योग विशेषज्ञ डॉ. रामलाल द्वारा योग का सामान्य परिचय देते हुए योग के अंगों, यम, नियम, आसन एवं प्राणायाम के महत्व की जानकारी प्रदान की गई। बुधवार को डॉ. कृष्ण गोपाल शर्मा एवं डॉ. देवेन्द्र सिंह राठौड़ के निर्देशन में योगाभ्यास सत्र आयोजित हुआ।
योगाभ्यास सत्र में आयुर्वेद विभाग की ओर से डॉ. सुशीला चौधरी, डॉ. जोगेन्द्र राव, डॉ. मुकेश प्रजापत, वरिष्ठ कम्पाउंडर अब्दुल सलाम चिश्ती, सुरेन्द्र प्रजापत, सलीम सुल्तान, मदन सिंह राजपुरोहित (एएओ), किशन शर्मा (एस.ए.) एवं ईश्वर वैष्णव (जे.ए.) सहित अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।




