-सूरसागर विधायक देवेन्द्र जोशी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को किया रवाना
-योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश
सुनील वर्मा. जोधपुर
12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के सफल आयोजन तथा आमजन में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयुर्वेद विभाग जोधपुर के तत्वावधान में शुक्रवार को योग जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के पूर्वाभ्यास सत्रों के अंतर्गत प्रातः सम्राट अशोक उद्यान में योगाभ्यास करवाया गया, जिसके उपरांत योग के प्रति जन-जागरूकता के लिए रैली निकाली गई।
सूरसागर विधायक देवेन्द्र जोशी ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा योग को स्वस्थ एवं निरोग जीवन का आधार बताते हुए अधिकाधिक लोगों से नियमित योगाभ्यास अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सूरसागर विधायक देवेन्द्र जोशी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर है, जिसे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है। आज 21 जून को पूरा विश्व अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाता है और करोड़ों लोग योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि “योग है तो काया निरोग है” केवल एक संदेश नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार है। योग व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। वर्तमान समय में तनावपूर्ण जीवनशैली के बीच योग स्वस्थ समाज के निर्माण का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है।
जोशी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में लोगों में योग के प्रति जागरूकता और रुचि निरंतर बढ़ी है तथा बड़ी संख्या में लोग स्वप्रेरणा से योगाभ्यास कर रहे हैं। आयुर्वेद विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा सार्वजनिक स्थलों पर नियमित योगाभ्यास और जन-जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से योग संस्कृति को जन-जन तक पहुंचाने का सराहनीय कार्य किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन प्रयासों से युवा पीढ़ी स्वस्थ, ऊर्जावान और निरोग बनेगी। योग जागरूकता रैली सम्राट अशोक उद्यान से प्रारम्भ होकर खेमे का कुआं तक निकाली गई। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने योग अपनाने, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने तथा शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। रैली मार्ग पर आमजन को 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में सहभागिता के लिए भी प्रेरित किया गया। इस अवसर पर जिला नोडल अधिकारी एवं उपनिदेशक आयुर्वेद विभाग डॉ. अंजू नागर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, योग प्रशिक्षक, विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।





