Explore

Search

Sunday, August 23, 2026, 5:18 am

Sunday, August 23, 2026, 5:18 am

LATEST NEWS
[wonderplugin_slider id=1]
Lifestyle

वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 के लिए जिला स्तरीय लॉटरी प्रक्रिया सम्पन्न

जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में सॉफ्टवेयर आधारित रैंडम प्रक्रिया से हुआ चयन

सुनील वर्मा. जोधपुर

राजस्थान सरकार के देवस्थान विभाग की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 के अंतर्गत ऑनलाइन प्राप्त आवेदन पत्रों के आधार पर यात्रियों के चयन हेतु प्रशासनिक सुधार विभाग के निर्देशानुसार गठित जिला स्तरीय समिति द्वारा बुधवार को जिला कलक्टर कक्ष में लॉटरी प्रक्रिया आयोजित की गई। जिला कलेक्टर आलोक रंजन की अध्यक्षता में दोपहर 1:30 बजे प्रारम्भ हुई इस प्रक्रिया में सॉफ्टवेयर आधारित रैंडम चयन प्रणाली के माध्यम से मुख्य सूची एवं प्रतीक्षा सूची का चयन किया गया।

इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद आशीष कुमार मिश्रा, पुलिस उपायुक्त मुख्यालय गुमना राम, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुरेन्द्र सिंह शेखावत, पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक शरद व्यास सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

राज्यभर में 56 हजार वरिष्ठ नागरिकों को मिलेगा यात्रा का लाभ
योजना के तहत वर्ष 2026 में सम्पूर्ण राजस्थान में 50 हजार वरिष्ठ नागरिकों को रेल मार्ग तथा 6 हजार वरिष्ठ नागरिकों को हवाई मार्ग से तीर्थ यात्रा करवाई जाएगी। राजस्थान का प्रत्येक ऐसा निवासी, जिसकी आयु 60 वर्ष से अधिक हो तथा जो आयकरदाता न हो, इस योजना के लिए पात्र है।

एकल आवेदक की आयु 70 वर्ष से अधिक होने पर एक सहायक को साथ ले जाने की अनुमति है। वहीं पति-पत्नी दोनों की आयु 75 वर्ष से अधिक होने की स्थिति में एक सहायक साथ ले जाना अनुमत है। हवाई यात्रा के माध्यम से केवल पशुपतिनाथ (काठमांडू, नेपाल) की यात्रा करवाई जाएगी, जबकि रेल मार्ग से 15 विभिन्न तीर्थ स्थलों के लिए यात्राएं संचालित की जाएंगी। प्रत्येक आवेदक को आवेदन के समय तीन तीर्थ स्थलों का चयन करना अनिवार्य होता है।

जोधपुर जिले से 6,422 आवेदन प्राप्त

वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 के अंतर्गत जोधपुर जिले से कुल 6,422 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें 2,354 वरिष्ठ नागरिकों ने तीन रेल तीर्थ स्थलों एवं एक हवाई यात्रा स्थल के लिए आवेदन किया। जनसंख्या के अनुपात में निर्धारित जिले के कोटे के अनुसार 2,097 यात्रियों को रेल मार्ग तथा 257 यात्रियों को हवाई मार्ग से यात्रा का लाभ प्रदान किया जाएगा।

लॉटरी प्रक्रिया से पूर्व तीन बार डेमो प्रक्रिया का संचालन किया गया, जिसके उपरांत मुख्य लॉटरी निकाली गई। इसमें हवाई यात्रा के लिए 157 आवेदनों से कुल 257 यात्रियों तथा रेल यात्रा के लिए 1,263 आवेदनों से कुल 2,097 यात्रियों का चयन किया गया। साथ ही 100 प्रतिशत आरक्षित प्रतीक्षा सूची एवं अतिरिक्त प्रतीक्षा सूचियां भी सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग, जोधपुर के सहयोग से पृथक-पृथक तैयार की गईं।

चयनित यात्रियों को दूरभाष एवं संदेश के माध्यम से दी जाएगी सूचना
योजना के अंतर्गत चयनित वरिष्ठ नागरिकों को मुख्य सूची के अनुसार व्यक्तिगत रूप से दूरभाष एवं संदेश के माध्यम से सूचित किया जाएगा। यात्रा के समय उन्हें ऑनलाइन आवेदन-पत्र की हार्ड कॉपी, प्रमाणित चिकित्सा प्रमाण-पत्र, मूल जनआधार अथवा आधार कार्ड तथा दो पासपोर्ट आकार के फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा। इसके अतिरिक्त आवश्यक दवाइयां, व्यक्तिगत उपयोग की सामग्री, नकदी एवं आवश्यक वस्त्र भी साथ रखने होंगे।

प्रत्येक कोच में रहेंगे अनुदेशक एवं चिकित्सा सुविधाएं

यात्रा के दौरान प्रत्येक ट्रेन में एक ट्रेन प्रभारी नियुक्त किया जाएगा। प्रत्येक कोच में दो अनुदेशक तथा एक चिकित्सक एवं दो नर्सिंग स्टाफ प्राथमिक उपचार एवं आवश्यक दवाइयों के साथ उपलब्ध रहेंगे, जिससे यात्रियों को यात्रा के दौरान आवश्यक चिकित्सा एवं सहयोग सुविधाएं मिल सकें।

आवास एवं भोजन सहित सम्पूर्ण यात्रा रहेगी निःशुल्क

चयनित वरिष्ठ नागरिकों के लिए आवास, भोजन एवं अन्य सभी व्यवस्थाएं देवस्थान विभाग, राजस्थान सरकार द्वारा भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) के माध्यम से करवाई जाएंगी। इस प्रकार यह संपूर्ण यात्रा पूर्णतः निःशुल्क रहेगी तथा इसका समस्त व्यय राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा।

सॉफ्टवेयर आधारित पारदर्शी प्रक्रिया से किया गया चयन : जिला कलक्टर
जिला कलक्टर आलोक रंजन ने बताया कि वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 के अंतर्गत जोधपुर जिले के लिए निर्धारित यात्रियों के चयन की प्रक्रिया बुधवार को जिला कलेक्टर कार्यालय में सफलतापूर्वक सम्पन्न की गई। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार इस वर्ष प्रदेशभर में 50 हजार यात्रियों को रेल मार्ग तथा लगभग 6 हजार यात्रियों को वायु मार्ग से यात्रा करवाई जाएगी। जोधपुर जिले के लिए निर्धारित कोटे के अनुसार यात्रियों का चयन सॉफ्टवेयर आधारित रैंडम प्रक्रिया से पूर्ण पारदर्शिता के साथ किया गया है तथा चयनित यात्रियों की सूची जारी कर दी गई है। उन्होंने बताया कि हवाई यात्रा के लिए पशुपतिनाथ (काठमांडू) तथा रेल मार्ग के लिए 15 विभिन्न तीर्थ स्थलों के विकल्प उपलब्ध हैं, जहां चयनित वरिष्ठ नागरिक यात्रा कर सकेंगे।

Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor