Explore

Search

Thursday, July 9, 2026, 1:33 am

Thursday, July 9, 2026, 1:33 am

LATEST NEWS

The specified slider does not exist.

Lifestyle

निर्देशक विशाल भारद्वाज की अब तक की सबसे बड़ी और सबसे दमदार लव स्टोरी ‘ओ रोमियो’ अब अपने वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर के लिए तैयार

ज़ी सिनेमा पर वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर के लिए तैयार साजिद नाडियाडवाला और विशाल भारद्वाज की एक्शन-रोमांटिक थ्रिलर ‘ओ रोमियो’, लीड रोल में शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी!

राखी पुरोहित. मुंबई

वैलेंटाइन वीकेंड पर सिनेमाघरों में रिलीज़ होने के बाद निर्देशक विशाल भारद्वाज की अब तक की सबसे बड़ी और सबसे दमदार लव स्टोरी ‘ओ रोमियो’ अब अपने वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर के लिए तैयार है। साजिद नाडियाडवाला द्वारा नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी इस फिल्म का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर रविवार, 28 जून, रात 9 बजे ज़ी सिनेमा पर होगा।

विशाल भारद्वाज अपनी खास फिल्ममेकिंग शैली के साथ ‘ओ’ रोमियो’ में वापसी कर रहे हैं। एकतरफा प्यार की पृष्ठभूमि पर बनी यह फिल्म प्यार, जुनून और अपराध की एक दमदार कहानी है। फिल्म में शाहिद कपूर ‘उस्तरा’ के किरदार में नजर आएंगे, जो अपने सीधे धार वाले उस्तरे के लिए जाना जाता है। उसकी ज़िंदगी उस वक्त पूरी तरह बदल जाती है, जब उसे अफशां से प्यार हो जाता है, जिसका किरदार तृप्ति डिमरी ने निभाया है। दोनों का रिश्ता ऐसी घटनाओं को जन्म देता है, जो पूरे क्राइम सिंडिकेट को हिलाकर रख देता है।

दमदार अभिनय, शानदार कहानी और विशाल भारद्वाज की कहानी कहने की खास शैली से सजी यह फिल्म ऐसा सिनेमाई अनुभव देने का वादा करती है, जो फिल्म खत्म होने के बाद भी लंबे समय तक दर्शकों के साथ रहेगा। फिल्म में नाना पाटेकर, अविनाश तिवारी और फरीदा जलाल अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। वहीं विक्रांत मैसी, तमन्ना भाटिया और दिशा पाटनी खास भूमिकाओं में दिखाई देंगे।

फिल्म के बारे में बात करते हुए शाहिद कपूर ने कहा, “उस्तरा की सबसे दिलचस्प बात यही है कि उसे किसी एक दायरे में नहीं रखा जा सकता। वो ऐसा किरदार नहीं है जिसे आप पूरी तरह पसंद करें या पूरी तरह नापसंद करें। वो कई ऐसे फैसले लेता है जिन्हें समझना आसान नहीं है, लेकिन उसके भीतर एक बहुत मानवीय पहलू भी है। यही बात मुझे इस किरदार की तरफ खींचकर ले गई। एक पल वो बेहद बेरहम नजर आता है और अगले ही पल इतनी गहराई से भावुक हो जाता है, जिसकी उसने खुद भी उम्मीद नहीं की होती। एक कलाकार के तौर पर ऐसे किरदार निभाने का अलग ही मजा होता है, क्योंकि वो हर पल आपको चौंकाते रहते हैं। विशाल सर के साथ काम करना हमेशा एक अलग अनुभव होता है। वो आपको हर सीन में और गहराई तक जाने के लिए प्रेरित करते हैं और कभी आसान रास्ता नहीं चुनने देते। ‘ओ रोमियो’ में जो कुछ भी दर्शक देखेंगे, उसमें इसी भरोसे और टीमवर्क की बड़ी भूमिका है। मैं बहुत उत्साहित हूं कि अब दर्शक इस फिल्म को ज़ी सिनेमा पर देखेंगे। यह एक भावनाओं से भरी और बेहद दमदार कहानी है। उम्मीद है कि दर्शक उस्तरा की दुनिया और उसके सफर का भरपूर मजा लेंगे।”

फिल्म के लेखक और निर्देशक विशाल भारद्वाज ने कहा, “1995 का बॉम्बे एक ऐसा शहर था जो दंगों के बाद खुद को फिर से संभाल रहा था, लेकिन दूसरी तरफ अंडरवर्ल्ड अपने पूरे असर के साथ मौजूद था। यह एक ऐसी प्रेम कहानी के लिए बिल्कुल सही पृष्ठभूमि थी, जिसका अंत सिर्फ खून-खराबे में ही हो सकता था। मेरा हमेशा से मानना रहा है कि दुनिया की सबसे खतरनाक चीज़ कोई हथियार नहीं, बल्कि इंसान का वो दिल है जिसे यह नहीं पता कि प्यार के साथ क्या करना है। ‘उस्तरा’ उसी सोच को तलाशने की मेरी कोशिश है। जब मैंने यह कहानी हुसैन जैदी की किताब में पढ़ी, तभी समझ गया था कि इसे पर्दे पर आना चाहिए। शाहिद और तृप्ति के रूप में मुझे ऐसे कलाकार मिले जिन्होंने सिर्फ किरदार नहीं निभाए, बल्कि उन्हें पूरी तरह जी लिया। मुझे खुशी है कि अब यह फिल्म टेलीविजन दर्शकों तक पहुंच रही है, क्योंकि ‘ओ रोमियो’ सिर्फ मल्टीप्लेक्स के लिए नहीं, बल्कि हर उस घर के लिए बनी है जो प्यार की दीवानगी को समझता है।”

फिल्म की लीड एक्ट्रेस तृप्ति डिमरी ने कहा, “अफशां उन लड़कियों में से नहीं है जो किसी कमरे में आते ही सबका ध्यान अपनी ओर खींच लें, लेकिन उसकी मौजूदगी चुपचाप सब कुछ बदल देती है। उसका किरदार निभाना मेरे लिए सबसे मुश्किल और खास अनुभवों में से एक रहा, क्योंकि उसकी कहानी का बड़ा हिस्सा उसकी खामोशी में छिपा है। शाहिद और मेरे बीच एक सीन है, जिसमें मुश्किल से तीन शब्द बोले जाते हैं, लेकिन शायद मैंने किसी भी फिल्म सेट पर उससे ज्यादा कभी महसूस नहीं किया। विशाल सर के साथ काम करने की यही खूबी है। वो ऐसा माहौल बना देते हैं, जहां आप अभिनय करना छोड़ देते हैं और किरदार को महसूस करने लगते हैं। मुझे उम्मीद है कि जब दर्शक रविवार रात ज़ी सिनेमा पर यह फिल्म देखेंगे, तो वो अफशां को उसी नजर से देखेंगे, जैसे मैंने देखा था। एक ऐसी लड़की, जिसके साथ सिर्फ घटनाएं नहीं होतीं, बल्कि जो सबसे मुश्किल हालात में भी अपने फैसले खुद लेती है।”

देखना न भूलें विशाल भारद्वाज की अब तक की सबसे बड़ी और सबसे दमदार कहानी ‘ओ रोमियो’ का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर, इस रविवार 28 जून, रात 9 बजे, सिर्फ ज़ी सिनेमा पर।

Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor