Explore

Search

Thursday, July 9, 2026, 1:10 am

Thursday, July 9, 2026, 1:10 am

LATEST NEWS

The specified slider does not exist.

Lifestyle

स्वाद की पहली परीक्षा पूरी, बुंदेली शेफ सीज़न 4 को मिली पहली छह प्रतिभाएँ

अगले दो ऑडिशंस 10 और 20 जुलाई को होंगे

राखी पुरोहित. छतरपुर

बुंदेलखंड की रसोइयों से उठती महक अपने पहले पड़ाव को पार कर आगे बढ़ चली है। ‘बुंदेली शेफ सीज़न 4’ का पहला ऑडिशन सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है और इसके साथ ही इस बहुप्रतीक्षित ऑनलाइन कुकिंग प्रतियोगिता की नई यात्रा ने रफ्तार पकड़ ली है। पहले ही चरण में बुंदेलखंड की महिलाओं ने अपने स्वाद, रचनात्मकता और पाक-कला का ऐसा परिचय दिया कि प्रतियोगिता का रोमांच शुरुआत से ही देखने लायक बन गया।

बुंदेलखंड 24×7 द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता के पहले ऑडिशन में कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद 26 प्रतिभागियों में से 6 प्रतिभागियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर अगले चरण के लिए स्थान बनाया। इन प्रतिभागियों में सौम्या जैन, हेमा गुप्ता, नेहा गुप्ता, आकांक्षा प्रजापति, कल्पना अवस्थी और अलका आनंद के नाम शामिल है, जिन्होंने स्वाद के बूते अगले चरण के लिए अपनी जगह पक्की की। इन प्रतिभागियों ने अपनी खास रेसिपीज़ और प्रेज़ेंटेशन से जजेस को प्रभावित किया और यह साबित किया कि बुंदेलखंड की रसोइयों में स्वाद के साथ-साथ अद्भुत प्रतिभा भी बसती है।

बुंदेलखंड 24×7 के फाउंडर डॉ. अतुल मलिकराम ने सभी चयनित प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा, “पहले ऑडिशन की सफलता यह बताती है कि बुंदेलखंड में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। हर रसोई में एक ऐसी कहानी छिपी है, जो अवसर मिलने पर पूरे क्षेत्र की पहचान बन सकती है। ‘बुंदेली शेफ’ का उद्देश्य सिर्फ विजेता चुनना नहीं, बल्कि उन महिलाओं को मंच देना है, जिनका हुनर वर्षों से घर की चारदीवारी तक सीमित रहा है। पहले ऑडिशन में जिस तरह का उत्साह देखने को मिला, उसने हमें विश्वास दिलाया है कि इस बार का सीज़न पहले से भी अधिक यादगार होगा।”

प्रतियोगिता की यात्रा अभी जारी है। जिन प्रतिभागियों ने पहले ऑडिशन में हिस्सा नहीं लिया, उनके लिए अभी-भी अपनी पाक-कला का जादू दिखाने का अवसर मौजूद है। प्रतियोगिता का दूसरा ऑडिशन 10 जुलाई और तीसरा ऑडिशन 20 जुलाई को आयोजित किया जाएगा। इन दोनों चरणों के बाद चयनित प्रतिभागी क्वार्टर फाइनल, सेमी फाइनल और अंततः अगस्त के अंत में होने वाले भव्य ग्रैंड फिनाले तक पहुँचने के लिए मुकाबला करेंगी।

पिछले तीन सीज़न्स की तरह इस बार भी ‘बुंदेली शेफ’ सिर्फ स्वाद की प्रतियोगिता नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, पहचान और सपनों को नई उड़ान देने वाला मंच बनकर सामने आया है। पहले ऑडिशन ने इसकी शानदार शुरुआत कर दी है और अब सम्पूर्ण बुंदेलखंड की निगाहें अगले दो ऑडिशंस पर टिकी हैं, जहाँ कई और प्रतिभाशाली महिलाएँ अपनी रसोई का जादू पूरे क्षेत्र के सामने पेश करने के लिए तैयार हैं।

Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor