दिलीप कुमार पुरोहित. जोधपुर
विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर गज शुश्रुषा ट्रस्ट द्वारा संचालित आराध्यम् श्री जीवराज सिंह गोगा देव दिवाकर गौशाला में देशभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। यहां भव्य राष्ट्रीय ध्वज रैली का आयोजन कर तिरंगे के सम्मान में पूरा परिसर “भारत माता की जय” के नारों से गूंज उठा।
रैली का शुभारंभ हेड कांस्टेबल रेशमा राम और पूर्व इंस्पेक्टर हनुमान राम जी ने तिरंगा फहराकर किया।

ट्रस्ट सचिव *पायल चोपड़ा* ने बताया कि 14 अगस्त 1947 के विभाजन की पीड़ा को याद करते हुए यह रैली आयोजित की गई। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को देश के बलिदान की गाथा याद दिलाना और एकता का संदेश देना है। उन्होंने कहा, _”गौसेवा और देशसेवा एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। जिस धरती पर हम सांस लेते हैं, उसकी रक्षा करना और उस पर आश्रित गौमाता की सेवा करना ही सच्ची राष्ट्रभक्ति है।”_
रैली के दौरान आराध्यम् परिसर में मौजूद सभी लोग हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति गीतों पर कदम से कदम मिलाकर चले। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी के चेहरे पर देशप्रेम की आभा साफ दिखाई दे रही थी। पूरे समय “वंदे मातरम”, “भारत माता की जय” और “जय हिंद” के उद्घोष गूंजते रहे।
रैली के समापन पर सामूहिक राष्ट्रगान हुआ और शहीदों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर आराध्यम् का समस्त परिवार उपस्थित रहा।


