Explore

Search

Sunday, August 23, 2026, 3:26 am

Sunday, August 23, 2026, 3:26 am

LATEST NEWS
[wonderplugin_slider id=1]
Lifestyle

एक दिन में 5,300 पौधों का रोपण, भारत विकास परिषद ने दिया हरित भारत का संदेश

दिलीप कुमार पुरोहित. जोधपुर

पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भारत के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से भारत विकास परिषद, जोधपुर मुख्य शाखा द्वारा शनिवार, 22 अगस्त 2026 को वृहद वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। पर्यावरण संयोजक सी ए नीरज मूंदड़ा ने बताया कि अभियान के अंतर्गत शेरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर एक ही दिन में 5,300 पौधों का रोपण किया गया।
अभियान के प्रथम चरण में प्रातः 9:15 बजे महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, ढांढनिया ग्राम, ढांढनिया भायला वृक्षकुंज, आगोलाई में 2,100 पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में शेरगढ़ विधायक श्री बाबूसिंह जी राठौड़, ओसियां विधायक श्री भेराराम जी सियोल, सरपंच हुकमाराम चौधरी, ग्रामवासी एवं विद्यालय के विद्यार्थियों सहित लगभग 500 लोगों ने सहभागिता की। इसी अवसर पर ग्राम के शहीद गंगाराम चौधरी की प्रतिमा का अनावरण भी किया गया।
द्वितीय चरण में अम्बेडकर सर्कल, ग्राम पंचायत शेरगढ़ में 1,100 पौधों का रोपण किया गया। ग्राम सरपंच महेंद्र सिंह, टावरी परिवार, लगभग 100 ग्रामवासियों तथा परिषद परिवार के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
तृतीय चरण ग्राम सोइन्तरा में 2,100 पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में कर्नल बलदेव सिंह चौधरी, ग्राम सरपंच गोविंद सिंह, ग्रामवासियों एवं भारत विकास परिषद के सदस्यों सहित लगभग 200 लोगों ने सहभागिता की। भारत विकास परिषद के अध्यक्ष श्री सुरेश चंद्र भूतड़ा, सचिव श्री राजेंद्र कुमार मंत्री, पर्यावरण संयोजक CA नीरज मूंदड़ा, संगठन सचिव श्री मनीष व्यास, रमेश मेहता, राजेश शर्मा, हरि बलदवा, राजेंद्र भूतड़ा, वी.आर. लोढ़ा, ज्योति प्रकाश अरोड़ा, डॉ. ए.सी.एच. माथुर, मनीषा मूंदड़ा, अंजना शर्मा, सीमा बलदवा, नंदिनी व्यास सहित अनेक सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
भारत विकास परिषद के पदाधिकारियों ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी देखभाल एवं संरक्षण भी उतना ही महत्वपूर्ण है। परिषद द्वारा पर्यावरण संरक्षण को जन-अभियान का रूप देने तथा अधिक से अधिक लोगों को पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।
एक ही दिन में 5,300 पौधों का रोपण कर भारत विकास परिषद, जोधपुर मुख्य शाखा ने “हरित भारत” के संकल्प को मजबूती प्रदान करते हुए पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणादायी संदेश दिया।

Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor