Explore

Search

Tuesday, August 25, 2026, 10:33 am

Tuesday, August 25, 2026, 10:33 am

LATEST NEWS
[wonderplugin_slider id=1]
Lifestyle

वीर दुर्गादास राठौड़ अवार्ड घोषित…12 प्रतिभाएं होंगी सम्मानित

388वीं वीर दुर्गादास राठौड़ जयन्ती पर वीर दुर्गादास राठौड़ स्मृति समिति द्वारा 27 अगस्त को दिए जाएंगे अवार्ड

सुनील वर्मा. जोधपुर

वीर दुर्गादास राठोड़ अवार्ड घोषित कर दिए गए हैं। इस बार 12 प्रतिभएं सम्मानित होंगी। कार्यक्रम चीफ ऑफ स्टाफ मेजर जनरल केडी जसपाल के मुख्य आतिथ्य में होगा। संभागीय आयुक्त केएल स्वामी एवं समाज सेवी श्याम कुम्भट विशिष्ट अतिथि होंगे। समारोह 27 अगस्त को प्रातः 8.15 बजे स्मारक स्थल पर पूजा-अर्चना के साथ होगा आयोजित होगा।

समारोह की अध्यक्षता पूर्व नरेश गज सिंह करेंगे। समारोह के तहत वीर दुर्गादास राठौड़ समिति जोधपुर की ओर से दिये जाने वाले पुरस्कारों की घोषणा की गई, जिसके तहत 12 प्रतिभाओं को वीर दुर्गादास राठौड़ सम्मान से सम्मानित किया जायेगा। समारोह वीर दुर्गादास राठौड़ स्मारक स्थल पर पूजा अर्चना के साथ प्रारम्भ होगा। सभी पुरस्कार मुख्य समारोह एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में प्रदान किये जायेंगे। वीर दुर्गादास स्मृति समिति के अध्यक्ष डॉ. महेन्द्रसिंह तंवर ने बताया कि वीर दुर्गादासजी की जयन्ती के अवसर पर वीर दुर्गादास राठौड़ स्मृति स्थल पर पूजा अर्चना, श्रद्धांजलि एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया जा रहा है।

स्मारक स्थल पर पूजा एवं पुष्पांजलि

27 अगस्त को सर्वप्रथम मसूरिया पहाड़ी पर स्थित वीर दुर्गादासजी की अश्वारूढ़ प्रतिमा पर प्रातः 8.15 बजे पूर्व नरेश गजसिंह द्वारा पूजा अर्चना के बाद मुख्य अतिथि एवं अन्य उपस्थित अतिथियों, दुर्गादासजी के वंशजों तथा नागरिकों द्वारा पुष्पाजंलि अर्पित की जायेगी।

मुख्य समारोह एवं पुरस्कार वितरण

स्मारक स्थल पर पूजा अर्चना के पश्चात् मसूरिया पहाड़ी पर प्रातः 8.45 बजे से मुख्य समारोह एवं पुरस्कार वितरण प्रारम्भ होगा। इसमें वीर दुर्गादास राठौड़ स्मृति समिति द्वारा प्रतिवर्ष विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जायेगा।

वीर दुर्गादास राठौड़ सम्मान

समिति द्वारा कर्मकाण्ड के साथ पर्यावरण संरक्षण एवं प्राकृतिक जलस्रोतों की साफ-सफाई के क्षेत्र में पण्डित जीवराज श्रीमाली को, महिला शल्य चिकित्सा के साथ कपल ब्लड डोनेशन के क्षेत्र में डॉ. सीमा शर्मा एवं डॉ. दिनेशदत्त शर्मा को, सोशल मीडिया के माध्यम से राजस्थानी साहित्य, रीति-रिवाज के प्रचार-प्रसार के क्षेत्र में श्रीमती युवरागी राठौड़ को, पाण्डुलिपियों के संरक्षण एवं शोधपूर्ण लेखन के क्षेत्र में डॉ. कमल किशोर साँखला को, वनस्पति विज्ञान शोध के क्षेत्र में डॉ. चन्दनसिंह पुरोहित को, नर्सिंग सेवाओं के साथ समाज सेवा के क्षेत्र में श्रीमती तेज कंवर को, मथुरादास माथुर अस्पताल में पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण व जनहित कार्यों के क्षेत्र में भवानी शंकर नायक को, रक्तदान एवं समाज सेवा के क्षेत्र में नरेन्द्रसिंह राठौड़ को, कूडो, बॉक्सिंग एवं ताईक्वांडो खेल के क्षेत्र में सेन्सेई अरुणा पटेल को, योग एवं आयुर्वेद के क्षेत्र में डॉ. अजयपालसिंह धनला को प्रदान कर पुरस्कृत किया जायेगा। उक्त पुरस्कारों के तहत शॉल, श्रीफल, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान किया जायेगा।

स्व. प्रमोद पुरी गोस्वामी एवं स्व. मोहनलाल गेहानी स्मृति पुरस्कार

इसी प्रकार समिति द्वारा प्रतिवर्ष स्मृति पुरस्कार भी प्रदान किये जाते हैं। इस वर्ष स्व. प्रमोदपुरी स्मृति पुरस्कार पर्यावरण तथा वनस्पति संरक्षण के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान के लिए सोजत मारवाड़ क्षेत्र की संस्थान हरियालो राजस्थान को एवं स्व. मोहनलाल गेहानी स्मृति पुरस्कार पैरा एथलीट एवं तैराकी के क्षेत्र में श्रीमती किरण कंवर को प्रदान किया जायेगा।

निबन्ध एवं चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं का होगा सम्मान

इस अवसर पर निबन्ध एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान किया जायेगा। इस अवसर लंगा कलाकारों द्वारा दुर्गादासजी के गौरवशाली इतिहास पर संगीतय प्रस्तुति दी जायेगी।

पुस्तकों का होगा लोकार्पण

इस अवसर पर खनन और भूविज्ञान विभाग, राजस्थान सरकार के पूर्व निदेशक दीपक तंवर द्वारा लिखित पुस्तक “Tanwar’s Legal Compass: Navitating the Rajasthan Minor Mineral Concession Rules, 2017″ एवं डॉ. कमल किशोर खीची द्वारा लिखित पुस्तक ‘मेड़ता शासकों का राजनीतिक एवं सांस्कृतिक अवदान” का लोकार्पण अतिथियों द्वारा किया जायेगा।

जलगृह का लोकार्पण

इस अवसर पर समाजसेवी, भामाशाह और मारवाड़ रतन से सम्मानित श्याम कुम्भट द्वारा वीर दुर्गादास राठौड़ उद्यान स्थल में नवनिर्मित जलगृह (प्याऊ) का लोकार्पण महाराजा श्री गजसिंहजी द्वारा किया जायेगा।

Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor