जिला कलेक्ट्रेट परिसर में महिला मतदाताओं पर केन्द्रित स्वीप गतिविधियों का आयोजन
सुनील वर्मा. जोधपुर
नगरपालिका आम चुनाव-2026 के दृष्टिगत मतदाताओं को जागरूक करने एवं लोकतांत्रिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता कार्यक्रम (स्वीप) के अंतर्गत मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट परिसर में महिला रंगोली एवं मतदाता संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महिला मतदाताओं पर केन्द्रित विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। रंगोली के माध्यम से मतदान के महत्व, लोकतांत्रिक सहभागिता एवं मताधिकार के प्रयोग का संदेश दिया गया। आकर्षक रंगोलियों के जरिए मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।
मतदाता संवाद के माध्यम से मतदान के महत्व पर चर्चा
मतदाता संवाद कार्यक्रम में महिला मतदाताओं को लोकतंत्र में उनके मत की महत्ता एवं जिम्मेदारी के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें निष्पक्ष, निर्भीक एवं जिम्मेदारीपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग करने तथा परिवार एवं आसपास के अन्य पात्र मतदाताओं को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया। स्वीप कार्यक्रम के तहत आयोजित गतिविधियों का उद्देश्य महिला मतदाताओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करते हुए नगरपालिका आम चुनाव-2026 में जागरूक एवं सक्रिय मतदान के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करना है।


