Explore

Search

Wednesday, August 26, 2026, 9:16 am

Wednesday, August 26, 2026, 9:16 am

LATEST NEWS
[wonderplugin_slider id=1]
Lifestyle

सामाजिक एवं समावेशी पहल के तहत बैलेन्स्ड बडी चेयर वितरण शिविर का हुआ आयोजन, जरुरतमंद 51 बच्चों को प्रदान की बैलेन्स्ड बडी चेयर

पंकज जांगिड़. जोधपुर

सेरेब्रल पाल्सी से प्रभावित एवं विशेष बैठने की आवश्यकता वाले बच्चों के लिए जोधपुर में एक महत्वपूर्ण सामाजिक एवं समावेशी पहल के तहत रातानाडा स्थित माहेश्वरी भवन में बैलेन्स्ड बडी चेयर वितरण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जरुरतमंद 51 बच्चों को बैलेन्स्ड बडी चेयर प्रदान की गई।

शिविर संयोजक पूजा-देवन धूत ने बताया कि कार्यक्रम में महाराजा गजसिंह, कुंवर कुशवार सिंह, एच.जी. इंफ्रा इंजीनियरिंग लिमिटेड से होडल सिंह, जिला न्यायधीश पूरन कुमार शर्मा, जिला कलेक्टर आलोक रंजन, पूर्व विधायक मनीष लोढ़ा, शिक्षाविद् निर्मल गहलोत, तरुण गहलोत, सुनील भंडारी, एम्स के पीडियाट्रिक विशेषज् लोकेश सैनी, निहारिका माथुर, एनके जैन, प्रमोद ढांडिया, समाजसेवी देवेन धूत, सीए पूजा धूत सहित शहर के गणमान्य नागरिकों, प्रशासनिक एवं न्यायिक अधिकारियों, चिकित्सा विशेषज्ञों तथा सामाजिक क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को उनकी जरूरत के अनुरूप सुविधाएं और सहायक उपकरण उपलब्ध कराना एक संवेदनशील एवं समावेशी समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

बैलेन्स्ड बडी चेयर को विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की व्यक्तिगत जरूरतों को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है। यह बच्चों को बेहतर बैठने की स्थिरता, संतुलन, पोस्चर और आराम प्रदान करने में सहायक है, जिससे वे पढ़ाई, खेल एवं दैनिक गतिविधियों में अधिक सहजता से भाग ले सकें। इस अभिनव समाधान को उन्नति एडप्टिव डिवाइसेज नेहा सोलंकी द्वारा डिजाइन किया गया है, जबकि इसके निर्माण में समाजसेवी पूजा-देवन धूत ने सहयोग किया है। इस नवाचार को अटल इनोवेशन मिशन, नीति आयोग के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान प्राप्त हुई है तथा इसकी संस्थापक नेहा सोलंकी को इस नवाचार के लिए भारत के माननीय राष्ट्रपति द्वारा राष्ट्रपति भवन में सम्मानित किया जा चुका है।

इस सामाजिक पहल को एच.जी. फाउंडेशन, जो एच.जी. इंफ्रा इंजीनियरिंग लिमिटेड की CSR पहल है, द्वारा सहयोग प्रदान किया गया। डिजाइन, तकनीक, निर्माण, चिकित्सा विशेषज्ञता एवं सामाजिक सहयोग के सामूहिक प्रयासों से 51 बच्चों तक यह सहायक समाधान पहुंचाया गया। कार्यक्रम में बैलेन्स्ड बडी चेयर की अवधारणा, डिजाइन एवं निर्माण प्रक्रिया के साथ-साथ विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए इसकी उपयोगिता के बारे में जानकारी दी गई।

उन्नति एडप्टिव डिवाइसेज की संस्थापक नेहा सोलंकी ने बताया कि बैलेन्स्ड बडी चेयर को बच्चों की वास्तविक आवश्यकताओं को समझते हुए विकसित किया गया है, ताकि उन्हें बेहतर बैठने की सुविधा के साथ दैनिक गतिविधियों में अधिक सहभागिता का अवसर मिल सके।

समाजसेवी पूजा-देवन धूत ने कहा कि नवाचार को सामाजिक उद्देश्य से जोड़कर ऐसे उपयोगी समाधान तैयार करना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है। वक्ताओं ने कहा कि किसी भी नवाचार की वास्तविक सफलता तभी है, जब उसका लाभ समाज के उन वर्गों तक पहुंचे, जिन्हें उसकी सबसे अधिक आवश्यकता है। 51 बच्चों को बैलेन्स्ड बडी चेयर का वितरण इसी सोच का सशक्त उदाहरण है, जो तकनीक, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व के सुंदर समन्वय को दर्शाता है।

Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor