Explore

Search

Friday, September 4, 2026, 10:49 am

Friday, September 4, 2026, 10:49 am

LATEST NEWS
[wonderplugin_slider id=1]
Lifestyle

नगर निकाय आम चुनाव-2026 : मतदान प्रक्रिया को लेकर कार्मिकों की दक्षता एवं तैयारियों पर जोर

जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक रंजन ने प्रशिक्षण स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा, 403 पीठासीन एवं मतदान अधिकारियों ने प्राप्त किया सैद्धान्तिक एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण

सुनील वर्मा. जोधपुर

नगर निकाय आम चुनाव-2026 के सफल एवं सुचारू संचालन के लिए मतदान कार्मिकों को निर्वाचन प्रक्रिया की बारीकियों एवं उनके दायित्वों का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, सरदारपुरा में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में 403 पीठासीन एवं मतदान अधिकारियों ने भाग लिया। कार्मिकों को मतदान प्रक्रिया से संबंधित सैद्धान्तिक जानकारी के साथ-साथ व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।

निर्वाचन प्रक्रिया की गंभीरता को समझते हुए दायित्वों का निर्वहन करें कार्मिक

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर आलोक रंजन ने प्रशिक्षणार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि निर्वाचन कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण एवं जिम्मेदारीपूर्ण दायित्व है। उन्होंने कार्मिकों से प्रशिक्षण को पूर्ण मनोयोग एवं गंभीरता से ग्रहण करने तथा मतदान दिवस पर निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित नियमों के अनुरूप निष्पक्ष एवं सुचारू रूप से मतदान प्रक्रिया संपन्न कराने का आह्वान किया। उन्होंने मतदान दिवस पर किए जाने वाले आवश्यक कार्यों, महत्वपूर्ण सावधानियों एवं प्रक्रियात्मक बिंदुओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदान कार्मिक की सजगता, दक्षता एवं जिम्मेदारी निर्वाचन प्रक्रिया की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

प्रशिक्षण की गुणवत्ता परखी, कार्मिकों की शंकाओं का किया समाधान

जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक रंजन ने प्रभारी अधिकारी,प्रशिक्षण श्रीमती कंचन राठौड़ के साथ बीएलएमटी द्वारा पीठासीन एवं मतदान अधिकारियों को दिए जा रहे प्रशिक्षण का अवलोकन किया। उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता एवं प्रभावशीलता का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से संवाद कर मतदान प्रक्रिया से संबंधित उनकी जानकारी एवं शंकाओं के बारे में चर्चा की तथा आवश्यक जानकारी प्रदान की। उन्होंने प्रशिक्षण को अधिक व्यावहारिक एवं उपयोगी बनाने पर विशेष जोर दिया।

प्रशिक्षण के साथ निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं का भी किया निरीक्षण

जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्रशिक्षण स्थल पर कार्मिक अनुभाग, प्रशिक्षण अनुभाग एवं डाक मतपत्र अनुभाग का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने भोजन व्यवस्था स्थल का भी जायजा लिया तथा व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।

विशेष परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए किया जाए सक्षम

जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्रशिक्षण अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीठासीन एवं मतदान अधिकारियों को मतदान दिवस के दौरान उत्पन्न होने वाली विशेष परिस्थितियों एवं उनके समाधान की व्यावहारिक जानकारी भी दी जाए। उन्होंने कहा कि मतदान दलों को संभावित परिस्थितियों में निर्धारित नियमों एवं प्रावधानों के अनुरूप त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने के लिए तैयार किया जाना आवश्यक है। उन्होंने प्रशिक्षण अधिकारियों से कहा कि कार्मिकों को प्रक्रियात्मक जानकारी के साथ व्यावहारिक परिस्थितियों से निपटने का पर्याप्त अभ्यास भी कराया जाए, ताकि मतदान दिवस पर निर्वाचन प्रक्रिया निर्बाध, निष्पक्ष एवं निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप संपन्न कराई जा सके।

Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor