राइजिंग भास्कर. जोधपुर
भारत समन्वय धाम, जोधपुर में शनिवार को सदगुरु प्राकट्य उत्सव श्रद्धा एवं आनंदमय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रातः 10 बजे सदगुरुदेव के सान्निध्य में भगवान मनकामेश्वर महादेव जी का रुद्राभिषेक किया गया। वहीं भगवान लक्ष्मीनारायण जी का विशेष श्रृंगार किया गया। प्रातः 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक स्वामी श्री सत्यमित्रानंद गिरि सभागार में सामूहिक संगीतमय सुंदरकांड पाठ, हनुमान चालीसा, गुरु भजन एवं स्तुति गान का आयोजन हुआ। इसके पश्चात यजमान अनिल व्यास द्वारा गुरु पादुका पूजन किया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर पूज्य आचार्य रामानुज जी महाराज ने पूज्य सदगुरुदेव के संस्मरण सुनाते हुए गुरु महिमा पर प्रकाश डाला। इसके बाद आरती एवं प्रसाद वितरण किया गया। पूज्य गुरुदेव ध्यान केंद्र में श्रद्धालुओं ने पूज्य सदगुरुदेव के दिव्य दर्शन किए। इस दौरान उपस्थित गुरु भाई-बहनों ने सदगुरुदेव की सन्निधि एवं आशीर्वाद को अपने जीवन के लिए सौभाग्य एवं धन्यता का अनुभव बताया। इस अवसर पर समन्वय परिवार, जोधपुर के गुरु भाई-बहनों ने सदगुरुदेव के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए उनके आशीर्वाद में जीवन को सार्थक बनाने का संकल्प व्यक्त किया।

