Explore

Search

Friday, October 2, 2026, 9:36 am

Friday, October 2, 2026, 9:36 am

LATEST NEWS
[wonderplugin_slider id=1]
Lifestyle

जोधपुर के 7 बड़े सरकारी अस्पतालों में बनेगा आधुनिक कैफेटेरिया, 8.50 करोड़ रुपए का प्रस्ताव

मरीजों और परिजनों को मिलेगी बेहतर भोजन व बैठने की सुविधा, अगले महीने से प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद

जोधपुर। सरकारी अस्पतालों में मरीजों और उनके परिजनों को बेहतर खान-पान की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में नई पहल की जा रही है। जोधपुर के सात बड़े सरकारी अस्पतालों में आधुनिक सुविधाओं से युक्त कैफेटेरिया विकसित करने की तैयारी है। इसके लिए कुल 8.50 करोड़ रुपए का बजट प्रस्तावित किया गया है।

प्रस्ताव के अनुसार एमडीएम अस्पताल, एमजीएच अस्पताल और उम्मेद अस्पताल में कैफेटेरिया के लिए 1.50-1.50 करोड़ रुपए का प्रावधान रखा गया है। वहीं जिला अस्पताल पावटा, जिला अस्पताल मंडोर, जिला अस्पताल प्रतापनगर और टीबी एवं चेस्ट अस्पताल के लिए 1-1 करोड़ रुपए प्रस्तावित किए गए हैं।

अगले महीने से प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद

जानकारी के अनुसार सातों अस्पतालों में कैफेटेरिया स्थापित करने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसे अगले महीने तक पूरा किए जाने की संभावना है। इसके बाद संबंधित अस्पतालों में आधुनिक कैफेटेरिया विकसित करने का काम आगे बढ़ेगा।
इन कैफेटेरिया में मरीजों और उनके परिजनों के लिए भोजन, नाश्ता, चाय आदि की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ स्वच्छता और बैठने की उचित व्यवस्था पर भी ध्यान दिया जाएगा। अस्पताल प्रशासन की ओर से ऐसी व्यवस्था तैयार करने की योजना है, जिससे अस्पताल परिसर में मरीजों और उनके साथ आने वाले परिजनों को भोजन के लिए इधर-उधर नहीं जाना पड़े।

शिकायतों में आएगी कमी

अस्पतालों में मरीजों और परिजनों की ओर से भोजन की गुणवत्ता तथा उपलब्धता को लेकर समय-समय पर शिकायतें सामने आती रही हैं। आधुनिक कैफेटेरिया व्यवस्था शुरू होने के बाद भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और निर्धारित दरों पर खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की व्यवस्था को बेहतर करने की उम्मीद है। अस्पतालों में कैफेटेरिया के संचालन के लिए ऐसी व्यवस्थाएं शामिल करने की तैयारी है, जिनमें स्वच्छ रसोई, बैठने की सुविधा और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर निगरानी जैसे पहलू शामिल होंगे। इसका उद्देश्य मरीजों के साथ आने वाले परिजनों को अस्पताल परिसर में ही सुविधाजनक और व्यवस्थित खान-पान की सुविधा उपलब्ध कराना है।

Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor