-आरोपी के आवास एवं अन्य ठिकानों की तलाशी जारी
डीके पुरोहित. जोधपुर
एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी की बाड़मेर इकाई द्वारा आज कार्रवाई करते हुए सुरेंद्र कुमार बंसल सहायक अभियंता शहर द्वितीय रीको जोधपुर विद्युत वितरण निगम लि बाड़मेर को परिवादी से 5 हजार रुपए रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक डॉ. रविप्रकाश मेहरड़ा ने बताया कि एसीबी की बाड़मेर इकाई को परिवादी द्वारा शिकायत दी गई कि उसके व्यावसायिक भवन के सिंगल फेस कनेक्शन को थ्री फेस कनेक्शन में परिवर्तित करने की एवज में आरोपी सुरेंद्र कुमार बंसल द्वारा 15 हजार रुपए राशि की मांग कर परेशान किया जा रहा है। इस पर एसीबी जोधपुर के उप महानिरीक्षक पुलिस हरेंद्र महावर के सुपरविजन में एसीबी की बाड़मेर इकाई के उप अधीक्षक पुलिस किशनसिंह चारण के नेतृत्व में शिकायत का सत्यापन किया जाकर आज उनके द्वारा मय टीम के ट्रेप कार्रवाई करते हुए आरोपी सुरेंद्र कुमार बंसल सहायक अभियंता को परिवादी से 5 हजार रुपए की रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। उल्लेखनीय है कि आरोपी सहायक अभियंता द्वारा शिकायत के दौरान भी 10 हजार रुपए रिश्वत के रूप के रूप में परिवादी से वसूल कर लिए थे। एसीबी जयपुर की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव के निर्देशन में आरोपी से पूछताछ तथा कार्रवाई जारी है।



