डीके पुरोहित. जोधपुर
मानसून एक बार फिर लौट कर आया है। रविवार सुबह 4:30 बजे विभिन्न इलाकों में झमाझम बारिश हुई। बादल गर्जन और बिजली चमकने के साथ ही तेज बौछारें पड़ने लगी और सड़कों पर पानी बहने लगा। इसके साथ ही कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। शहर के मधुबन, भगत की कोठी, सरस्वती नगर, बासनी, सांगरिया के कुछ इलाकों, सरदारपुरा, रातानाडा और आसपास के इलाकों में बारिश हुई। इधर बैजनाथ में भी बारिश से पानी बहने लगा। इसके वीडियो भी पाठकों ने विभिन्न ग्रुपों में डालने शुरू किए।
बारिश कई इलाकों में तेज तो कहीं मध्यम दर्जे की रही। रात को ठंडी हवा चल रही थी। बारिश के आसार नहीं थे। लेकिन मौसम विभाग ने संकेत दिए थे कि बारिश हो सकती है। अचानक चार बजे के आसपास बिजली चमने लगी और बादल गरजने लगे। देखते ही देखते बारिश शुरू हो गई। करीब आधे घंटे तक बारिश हुई और उसके बाद भी बूंदाबांदी होती रही। समाचार लिखे जाने तक भी बौछारें जारी थी।



