भरत जोशी. जोधपुर
परमहंस संविदाचार्य स्वामी ईश्वरानंद गिरि महाराज द्वारा दईजर लाछा बासनी में स्थापित संवित धाम आश्रम में 17 से 21 जुलाई तक होने वाले श्रीविग्रह प्राण प्रतिष्ठा और श्रीवेद व्यास गुरु पूर्णिमा समारोह का शुभारंभ 17 जुलाई बुधवार को प्रातः 7 बजे सूर्यनगरी जोधपुर की अधिष्ठात्री मेहरानगढ़ स्थित मां चामुंडा से अनुज्ञा लेकर होगा। संत सरोवर सोमाश्रम अर्बुदाचल के अधिष्ठाता स्वामी संवित नारायण गिरि महाराज बुधवार 17 जुलाई को प्रातः 7 बजे मेहरानगढ़ जायेंगे और मां चामुंडा की अनुज्ञा के लिए पूजा अर्चना करेंगे। श्रीविग्रह की प्राण प्रतिष्ठा 19 जुलाई को प्रातः 10 बजे होगी।
संवित साधनायन संस्थान के अनुज अवस्थी और नेमाराम गहलोत ने बताया की मां चामुंडा से अनुज्ञा लेने के बाद स्वामी ईश्वरानन्द गिरि महाराज के श्रीविग्रह की प्रतिष्ठा का पूजन, हवन कार्यक्रम प्रारंभ होगा। प्रातः गुरु आज्ञा के बाद गणपति पूजन, देवी, शिव सहित स्थापित देवताओं का पूजन और प्रायश्चित होम होगा।
संवित साधनायन संस्थान के गोविंदलाल बोहरा और अनिल रागवानी पुरोहित ने बताया कि तीन दिवसीय प्रतिष्ठा हवन का शुभारंभ 17 जुलाई को संकल्प दिवस के रूप में होगा। प्रातः पूर्व प्रायश्चित हवन, गणपति आदि पीठ पूजन होगा। दोपहर 3 बजे अग्नि स्थापन और गणपति आदि पीठ पूजन होगा। प्रतिष्ठा हवन के पहले दिन प्रधान पीठ पूजन, सप्तमातृका पीठ, गणपति पीठ, वास्तु पीठ, योगिनी पीठ, क्षेत्रपाल पीठ, नवग्रह पीठ और रुद्र कलश पीठ की स्थापना और उनकी पूजा किया जायेगा।



