Explore

Search

Sunday, August 23, 2026, 6:39 am

Sunday, August 23, 2026, 6:39 am

LATEST NEWS
[wonderplugin_slider id=1]
Lifestyle

पौधे को परिवार के सदस्य की भांति ही पालें : शेखावत

-मां नागणेच्या धाम में विशाल पौधारोपण कार्यक्रम में शामिल हुए केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री

शिव वर्मा. नागाणा धाम

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि पौधे हमारे जीवन का अंग हैं। पौधे को परिवार के सदस्य की भांति ही पालें और ख्याल रखें।

शेखावत मंगलवार को जोधपुर एयरपोर्ट से सीधा कल्याणपुर नागाणा धाम पहुंचे और नागणेच्या माता के दर्शन किए। मां के दरबार में धोक लगाई और देश-प्रदेश में खुशहाली की कामना की। इसके पश्चात, “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत मारवाड़ राजपूत सभा द्वारा शक्तिपीठ मां नागणेच्या धाम में आयोजित विशाल पौधारोपण कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने बताया कि वैश्विक स्तर पर बढ़ते प्रदूषण से मुक्ति के लिए पेड़-पौधे क्यों जरूरी है? उन्होंने कहा कि आज दुनिया भर के वैज्ञानिक चिंतित हैं, क्योंकि विकास की आपाधापी और प्रकृति से सबकुछ लेने की होड़ में उसका अत्यधिक दोहन कर रहे हैं। जरूरत इस बात की है कि जितना हम प्रकृति से ले रहे हैं, उतना वापस भी करें।

शेखावत ने कहा कि हमारे ऋषियों ने कहा है कि यह जो प्रकृति के घटक हैं, हम उनके मालिक नहीं हैं, बल्कि हम केवल रखवाले हैं। हमारा दायित्व है कि जैसी प्रकृति हमें पिछली पीढ़ी ने दी है, वैसी ही हम आगे की पीढ़ी के लिए छोड़ कर जाएं। यदि उससे बेहतर हम करके जाएं तो यह कार्य देवताओं के समान होगा। यदि हमने अगली पीढ़ी को प्रकृति को नुकसान पहुंचा कर सौंपा तो हम कहीं ना कहीं अमानत में खयानत के दोषी कहलाएंगे। शेखावत ने कहा कि आज हमने 5000 पौधे लगाए हैं, लेकिन यह अभियान यहां तक सीमित नहीं रहेगा, जितने लोग यहां उपस्थित हैं, वो आगे सौ लोगों को पौधरोपण के लिए प्रेरित करें।

शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने मुझे पर्यटन मंत्रालय सौंपते हुए कहा कि पर्यटन देश की अर्थव्यवस्था को पांचवें से तीसरे पायदान पर ले जाने की ताकत रखता है। मैं उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी जी को आश्वस्त करना चाहता हूं कि राजस्थान के जितने भी प्रोजेक्ट रुके हुए थे, वो सब मैंने पास करा दिए हैं। इसके अलावा, जितनी भी और जरूरी योजनाएं हैं, आप प्रोजेक्ट बनाकर भेजो, राजस्थान की सारी योजनाओं पर काम होगा। उन्होंने कहा कि हम अपने पर्यटन स्थलों और धार्मिक स्थलों का विकास करें, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटक एक अच्छा अनुभव लेकर जाएं। इसके लिए संकल्पबद्ध होकर हम काम करें।

केंद्रीय मंत्री ने मन्दिर परिसर में अभियान के तहत पौधा भी लगाया। समारोह में किए गए स्वागत के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। राजस्थान की उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी, सिवाना विधायक हमीर सिंह भायल, पचपदरा विधायक अरुण चौधरी, मारवाड़ राजपूत सभा अध्यक्ष हनुमान सिंह खांगटा, समाजसेवी उम्मेद सिंह अराबा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वहीं, केंद्रीय मंत्री शेखावत ने डोली, धावा, नागाणा, कल्याणपुर जेठन्तरी, पारलू और कनाना तक अनेक स्थानों पर गणमान्य लोगों और कार्यकर्ताओं से आत्मीय मुलाकात की। पग-पग पर किए गए स्वागत अभिनंदन के लिए सभी का आभार जताया।

Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor