-उत्तर पश्चिम रेलवे की प्रमुख वित्त सलाहकार सुश्री गीतिका पांडेय भी रही मौजूद
-कामकाज में राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर जोर
राखी पुरोहित. जोधपुर
उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल पर राजभाषा पखवाड़ा मंगलवार से प्रारंभ हुआ। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय सभाकक्ष में उत्तर पश्चिम रेलवे जोन की मुख्य राजभाषा अधिकारी प्रमुख वित्त सलाहकार सुश्री गीतिका पांडेय और मंडल रेल प्रबंधक पंकज कुमार सिंह ने दीप प्रज्वलित कर पखवाड़े का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर उपस्थित रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए पांडेय ने कहा कि हिंदी भाषा हमारी मां के समान है और इसके बिना भारत की कल्पना भी नहीं की जा सकती। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अब विभिन्न उच्च शिक्षण संस्थानों में भी तकनीकी और वैज्ञानिक पाठ्यक्रमों में हिंदी माध्यम का विकल्प मिलना प्रारंभ हो गया है।
मंडल रेल प्रबंधक पंकज कुमार सिंह ने सरकारी कार्यालयों में रोजमर्रा का कामकाज हिंदी में करना ही हिंदी को सम्मान देना है।उन्होंने कहा कि सबको राजभाषा हिंदी में काम करते हुए गर्व की अनुभूति होनी चाहिए तथा हिंदी ही देश को जोड़कर प्रगति के पथ पर ले जा सकती है। प्रारंभ में राजभाषा अधिकारी सहायक कार्मिक अधिकारी नरेंद्र कुमार सिवासिया ने स्वागत किया जबकि अंत में अपर मंडल रेल प्रबंधक राकेश कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक विकास खेड़ा, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर(शक्ति) जोगेंद्र मीणा, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (कैरेज एंड वैगन) मेजर अमित स्वामी, मंडल कार्मिक अधिकारी/इंचार्ज अभिषेक गाँधी सहित अनेक अधिकारी उपस्थित थे।
इस दौरान प्रमुख राजभाषा अधिकारी गीतिका पांडेय और मंडल रेल प्रबंधक पंकज कुमार सिंह ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ ए वासुदेवन, सहायक मंडल सुरक्षा अधिकारी सुरेंद्र सिंह सोलंकी व अन्य कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर पुरस्कृत किया। बाद में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक में सदस्यों ने राजभाषा हिंदी के व्यापक प्रचार-प्रसार के उपायों पर चर्चा की। कार्यक्रम का संचालन सहायक कार्मिक अधिकारी नरेंद्र सिवासिया ने किया।



