सम्राट अशोक उद्यान एवं मंडोर उद्यान में प्रातः 6 बजे से आयोजित होंगे योग सत्र
जोधपुर,14 जून। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून 2026 को जोधपुर शहर में विभिन्न स्थानों पर सामूहिक योग कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जिला स्तरीय मुख्य योगाभ्यास कार्यक्रम सम्राट अशोक उद्यान में आयोजित होगा, जबकि मंडोर उद्यान सहित अन्य स्थलों पर भी प्रातः 6:00 बजे से 8:00 बजे तक योग सत्र संचालित किए जाएंगे।
जिला कलक्टर श्री आलोक रंजन ने बताया कि योग केवल एक दिवस का आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली का आधार है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “योग फॉर हेल्दी एजिंग” अर्थात “स्वस्थ आयु के लिए योग” निर्धारित की गई है। कार्यक्रम में योग विशेषज्ञों के निर्देशन में विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया जाएगा तथा योग के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया जाएगा।
*अधिकाधिक जनभागीदारी का आह्वान*
आमजन, विद्यार्थी, युवा, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने का आह्वान किया गया है। प्रतिभागियों से निर्धारित समय से पूर्व कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर योग सत्र में शामिल होने का अनुरोध किया गया है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का उद्देश्य योग को जन-जन तक पहुंचाना तथा स्वस्थ, संतुलित एवं तनावमुक्त जीवन के लिए इसके महत्व को रेखांकित करना है।
*50 दिवसीय काउंटडाउन पूर्वाभ्यास जारी हैं
*-प्रधानमंत्री के मिशन योग-365 के अंतर्गत नियमित योगाभ्यास को बढ़ावा*
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में सामान्य योग प्रोटोकॉल अभ्यास के 50 दिवसीय काउंटडाउन पूर्वाभ्यास का शुभारंभ 2 मई से किया गया था। जिला प्रशासन एवं आयुर्वेद विभाग, जोधपुर के संयुक्त तत्वावधान में प्रतिदिन प्रातः 7 बजे से 8 बजे तक योगाभ्यास आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार, 14 जून को सम्राट अशोक उद्यान एवं मंडोर उद्यान में प्रातः 6:15 बजे से 7:35 बजे तक आयुष मंत्रालय के यूट्यूब प्रसारण के माध्यम से विभागीय कार्मिकों एवं आमजन द्वारा सामूहिक योगाभ्यास किया गया।




